प्रबंध संचालक ने एलिवेटेड एवं भूमिगत निर्माण कार्यों का किया निरीक्षण

ऑरेंज लाइन के निर्माण कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता की समीक्षा
जनसुविधा, सुरक्षा एवं विभागीय समन्वय पर दिए आवश्यक निर्देश
भोपाल, 10 सितंबर । मध्य प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (MPMRCL) के प्रबंध संचालक श्री एस. कृष्ण चैतन्य ने गुरुवार सुबह 6 बजे से भोपाल मेट्रो परियोजना के एलिवेटेड एवं भूमिगत निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता, सुरक्षा मानकों एवं जनसुविधाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसियों को निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान प्रबंध संचालक श्री चैतन्य ने अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसियों के प्रतिनिधियों को निर्देश दिए कि भोपाल मेट्रो परियोजना की ऑरेंज लाइन के अंतर्गत चल रहे निर्माण कार्यों के दौरान जनसुविधा एवं जनसुरक्षा हेतु सभी व्यवस्थाएं प्रभावी रूप से सुनिश्चित की जाएं। साथ ही सभी संबंधित विभागों के साथ प्रभावी समन्वय स्थापित कर निर्माण कार्यों में आने वाली बाधाओं का समयबद्ध निराकरण कर बेहतर कार्ययोजना के साथ परियोजना के निर्धारित लक्ष्यों की शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित की जाए।
निरीक्षण के दौरान मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन के वरिष्ठ अधिकारी तथा निर्माण एजेंसियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
*निर्माण कार्यों में गुणवत्ता, सुरक्षा एवं प्रगति पर दिया विशेष जोर*
प्रबंध संचालक श्री चैतन्य ने ऑरेंज लाइन के अंतर्गत करोंद से पुल बोगदा तक निर्माणाधीन मेट्रो कॉरिडोर का निरीक्षण किया। उन्होंने भूमिगत सुरंग निर्माण कार्य, निर्माणाधीन मेट्रो स्टेशनों, पिलर्स एवं अन्य सिविल कार्यों की प्रगति का अवलोकन किया। उन्होंने सिविल कार्यों, यातायात प्रबंधन, बैरिकेडिंग, अन्य संरचनात्मक कार्यों की प्रगति एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए निर्माण एजेंसियों को निर्देशित किया कि सभी कार्य निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप एवं पूर्ण सुरक्षा के साथ संपादित किए जाएं।





