पीएम श्री स्कूल में 2.30 करोड़ से होंगे निर्माण कार्य, सबनानी ने किया भूमिपूजन

नए कमरों और बाउंड्रीवॉल के निर्माण से बढ़ेगी विद्यार्थियों के लिए सुविधाएं

भोपाल, 11 सितंबर। दक्षिण-पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के तुलसी नगर स्थित पीएम श्री शासकीय नवीन कन्या हायर सेकेंडरी स्कूल में करीब 2 करोड़ 30 लाख रुपये की लागत से निर्माण कार्य किए जाएंगे। इन कार्यों के लिए विधायक भगवानदास सबनानी और महापौर मालती राय ने भूमिपूजन किया।

परियोजना के तहत स्कूल में नए कमरों के साथ बाउंड्रीवॉल का निर्माण किया जाएगा। विधायक भगवानदास सबनानी ने कहा कि निर्माण पूरा होने के बाद स्कूल में कमरों की संख्या बढ़ेगी। इससे अधिक छात्राओं को प्रवेश मिल सकेगा और पढ़ाई के साथ अन्य गतिविधियों के लिए भी अतिरिक्त स्थान उपलब्ध होगा।

सबनानी ने कहा कि शिक्षित और संस्कारी विद्यार्थी ही भविष्य के राष्ट्र के सृजनकर्ता हैं। विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और सुविधाएं उपलब्ध कराने में किसी तरह की कमी नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश में शिक्षा के क्षेत्र में कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं। स्कूल और कॉलेजों में विद्यार्थियों की जरूरत के अनुसार सुविधाएं विकसित की जा रही हैं, ताकि वे बेहतर वातावरण में एकाग्र होकर पढ़ाई कर सकें।

उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश के विद्यार्थी शिक्षा के साथ खेलों में भी बेहतर प्रदर्शन कर प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

भूमिपूजन कार्यक्रम में विधानसभा प्रभारी राजू अनेजा, जोन अध्यक्ष एवं पार्षद ब्रजुला सचान, पार्षद आरती अनेजा, एल्डरमैन प्रमोद पोलघंटलवाल, मंडल अध्यक्ष सोनू पालीवाल सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, स्कूल के शिक्षक, छात्राएं और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Exit mobile version