पितृपक्ष में रानी कमलापति से गया के लिए चलेगी स्पेशल ट्रेन

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए दोनों दिशाओं में तीन-तीन फेरे, 24 कोच होंगे
भोपाल। पितृपक्ष के दौरान गया जाने वाले श्रद्धालुओं और यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे ने रानी कमलापति–गया–रानी कमलापति के बीच पितृपक्ष स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। गाड़ी संख्या 01661/01662 दोनों दिशाओं में तीन-तीन फेरे लगाएगी। इससे श्रद्धालुओं को गया तक आने-जाने के लिए अतिरिक्त रेल सुविधा मिलेगी।
27 सितंबर से शुरू होंगे फेरे
गाड़ी संख्या 01661 रानी कमलापति–गया स्पेशल 27 सितंबर, 2 अक्टूबर और 7 अक्टूबर 2026 को रानी कमलापति स्टेशन से दोपहर 3.20 बजे रवाना होगी और अगले दिन दोपहर 2.30 बजे गया पहुंचेगी।
यह ट्रेन नर्मदापुरम, इटारसी, पिपरिया, नरसिंहपुर, जबलपुर, सिहोरा रोड, कटनी, मैहर, सतना, मानिकपुर, प्रयागराज छिवकी, मिर्जापुर, पंडित दीन दयाल उपाध्याय, भभुआ रोड, सासाराम, डेहरी-ऑन-सोन और अनुग्रह नारायण रोड स्टेशनों पर रुकेगी।
वापसी में गाड़ी संख्या 01662 गया–रानी कमलापति स्पेशल 30 सितंबर, 5 अक्टूबर और 10 अक्टूबर 2026 को गया से दोपहर 3.30 बजे रवाना होगी और अगले दिन शाम 4.15 बजे रानी कमलापति पहुंचेगी। वापसी में भी निर्धारित मार्ग के प्रमुख स्टेशनों पर ट्रेन का ठहराव रहेगा।
24 कोच की रहेगी ट्रेन
यात्रियों की सुविधा के लिए स्पेशल ट्रेन में 4 सामान्य, 12 शयनयान, 4 वातानुकूलित तृतीय श्रेणी, 2 वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी और 2 एसएलआरडी, यानी कुल 24 कोच लगाए जाएंगे।




