हाईकोर्ट की कार्यवाही के बाद कांग्रेस ने पूछा- अब तक कितनी राशि वसूली, ब्याज और जीएसटी समेत कुल बकाया कितना
भोपाल। भाजपा विधायक संजय पाठक से जुड़ी तीन खनन कंपनियों से करीब 443 करोड़ 4 लाख 86 हजार रुपये की प्रस्तावित वसूली के मामले में प्रदेश कांग्रेस ने राज्य सरकार से स्थिति स्पष्ट करने की मांग की है। कांग्रेस ने मुख्यमंत्री से पूछा है कि निर्धारित राशि में से अब तक कितनी रकम सरकारी खजाने में जमा हुई है और शेष राशि की वसूली के लिए क्या कार्रवाई की जा रही है।
मामला जबलपुर के सिहोरा क्षेत्र में संचालित आनंद माइनिंग कॉरपोरेशन, निर्मला मिनरल्स और पेसिफिक एक्सपोर्ट्स से जुड़ा है। उपलब्ध रिपोर्टों के मुताबिक खनिज विभाग की जांच में इन कंपनियों द्वारा स्वीकृत सीमा से अधिक खनन किए जाने का मामला सामने आया था। जांच समिति ने 6 जून 2025 को अपनी रिपोर्ट शासन को सौंपी थी, जिसमें तीनों कंपनियों से 443 करोड़ रुपये से अधिक की वसूली निर्धारित किए जाने की जानकारी सामने आई थी।
इसके बाद प्रशासन की ओर से दिसंबर 2025 में 443 करोड़ रुपये की वसूली के लिए अंतिम नोटिस जारी किए जाने की रिपोर्ट भी सामने आई थी।
कांग्रेस ने सरकार से मांग की है कि इस मामले में तत्काल रिकवरी डिमांड जारी कर निर्धारित राशि के साथ नियमानुसार ब्याज, जीएसटी और अन्य वैधानिक देयताओं की स्थिति स्पष्ट की जाए। पार्टी ने पांच सवालों के जवाब सार्वजनिक करने की मांग की है—अब तक कितनी राशि वसूली गई, कितनी राशि बाकी है, ब्याज व जीएसटी समेत कुल बकाया कितना है, आगे की वसूली की कार्रवाई क्या है और पूरी राशि कब तक जमा होगी।
कांग्रेस का कहना है कि यह राशि सरकारी राजस्व से संबंधित है, इसलिए इसकी वसूली और उससे जुड़ी कार्रवाई की जानकारी सार्वजनिक की जानी चाहिए। वहीं, कंपनियों की ओर से जांच के निष्कर्षों पर आपत्ति जताए जाने की रिपोर्ट भी सामने आई है।
