नारियलखेड़ा में ‘उद्यम संवाद’, 25 से अधिक उद्यमियों ने रखीं समस्याएं

एडीएम प्रकाश चंद्र शाक्य ने सुनीं समस्याएं, संबंधित अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश

भोपाल, 19 सितंबर। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत भोपाल के नारियलखेड़ा में शिविर आयोजित किया गया। शिविर में एडीएम प्रकाश चंद्र शाक्य के मार्गदर्शन में ‘उद्यम संवाद’ सत्र हुआ। इसमें काली परेड और स्थानीय औद्योगिक क्षेत्र के 25 से अधिक उद्यमियों ने हिस्सा लिया।

संवाद के दौरान उद्यमियों ने अपने कारोबार और औद्योगिक क्षेत्रों से जुड़ी विभिन्न समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं। उन्होंने स्थानीय स्तर पर आ रही दिक्कतों के समाधान के साथ अपनी आवश्यकताओं और सुझावों से भी प्रशासन को अवगत कराया।

एडीएम शाक्य ने उद्यमियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को समस्याओं का त्वरित और संतोषजनक निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अधिकारियों से समस्याओं पर कार्रवाई कर उद्यमियों को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने को भी कहा गया।

प्रशासन के अनुसार, ‘उद्यम संवाद’ का उद्देश्य स्थानीय उद्यमियों और प्रशासन के बीच सीधे संवाद का माध्यम उपलब्ध कराना है, ताकि कारोबार से जुड़ी समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान किया जा सके। संवाद के बाद उद्यमियों में प्रशासन के प्रति सकारात्मक माहौल देखने को मिला।

Exit mobile version