State

नशे के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई, 54 लाख की मादक पदार्थ जब्त

दो दिन में अफीम, एमडी ड्रग्स, डोडाचूरा और गांजा सहित 113.870 किलो नशीला पदार्थ पकड़ा

भोपाल, 13 सितंबर। मध्यप्रदेश पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध परिवहन और बिक्री के खिलाफ अभियान चलाते हुए पिछले दो दिनों में प्रदेश के विभिन्न जिलों में कार्रवाई की। पुलिस ने अफीम, एमडी ड्रग्स, डोडाचूरा और गांजा सहित करीब 113 किलो 870 ग्राम मादक पदार्थ जब्त किया है। जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत 54 लाख रुपये से अधिक बताई गई है।

मंदसौर में 38 लाख की जब्ती
भानपुरा थाना पुलिस ने दुधाखेड़ी माताजी मंदिर के पास बायपास तिराहा पर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर 6 किलो 82 ग्राम अफीम जब्त की। इसकी कीमत करीब 12 लाख रुपये बताई गई है। वहीं अफजलपुर थाना पुलिस ने पलवई फंटे पर एक आरोपी को गिरफ्तार कर 260 ग्राम एमडी ड्रग्स और 5 किलो 150 ग्राम डोडाचूरा बरामद किया। एमडी की कीमत करीब 26 लाख और डोडाचूरा की कीमत 10 हजार रुपये बताई गई है। दोनों मामलों में कुल 11 किलो 492 ग्राम मादक पदार्थ जब्त हुआ।

बालाघाट में 27 किलो गांजा पकड़ा
लांजी थाना पुलिस ने गांजा तस्करी के मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनके पास से 27 किलो 378 ग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 14 लाख रुपये है।

उज्जैन जीआरपी ने दो महिलाओं को पकड़ा
जीआरपी उज्जैन ने दो महिला आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 75 किलो डोडाचूरा जब्त किया। महिलाएं इसे ट्रॉली और पिट्ठु बैग में छिपाकर ले जा रही थीं। इसकी अनुमानित कीमत करीब दो लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कार्रवाई जारी है। तस्करी से जुड़े नेटवर्क को चिन्हित कर उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles