State

नवाचार, गुणवत्ता और तकनीक को कार्यप्रणाली का हिस्सा बनाएं : जीएम

प्रबंधन विकास कार्यक्रम में भोपाल मंडल के 12 प्रतिभागियों को मिले प्रमाण-पत्र

भोपाल। पश्चिम मध्य रेल के महाप्रबंधक दिलीप कुमार सिंह ने रेलवे की कार्यप्रणाली में नवाचार, गुणवत्ता और आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल पर जोर दिया है। शुक्रवार को कोटा दौरे के दौरान उन्होंने मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में शाखा अधिकारियों के साथ बैठक कर विभिन्न विभागों में किए जा रहे नवाचारों और तकनीकी सुधारों की जानकारी ली।

बैठक में अधिकारियों ने अपने विभागों में किए गए नवाचार, नई कार्यप्रणाली और तकनीकी सुधारों का प्रस्तुतीकरण दिया। महाप्रबंधक ने इन प्रयासों की समीक्षा करते हुए कहा कि नवाचार को केवल किसी एक परियोजना तक सीमित रखने के बजाय दैनिक कार्यप्रणाली का हिस्सा बनाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि रेलवे में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), सूचना प्रौद्योगिकी और अन्य आधुनिक तकनीकों के बेहतर इस्तेमाल से काम को अधिक प्रभावी और परिणामोन्मुख बनाया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि कार्य व्यवस्था किसी व्यक्ति पर निर्भर होने के बजाय मजबूत प्रणाली पर आधारित होनी चाहिए। गुणवत्ता और संरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए तकनीक का उपयोग कार्यक्षमता बढ़ाने के लिए किया जाए।

40 अधिकारियों ने लिया प्रशिक्षण

अधिकारी क्लब, कोटा में आयोजित पांच दिवसीय प्रबंधन विकास कार्यक्रम का भी समापन हुआ। इसमें पश्चिम मध्य रेल के जबलपुर से 17, भोपाल से 12 और कोटा से 11 सहित कुल 40 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। प्रशिक्षण के दौरान प्रबंधन कौशल, नेतृत्व क्षमता, एआई, आधुनिक तकनीक और कार्यस्थल पर बेहतर प्रबंधन से जुड़े विषयों पर प्रशिक्षण दिया गया।

समापन समारोह में जीएम ने प्रतिभागियों से संवाद किया और सभी को प्रमाण-पत्र प्रदान किए। उन्होंने उपलब्ध संसाधनों के बेहतर उपयोग, कार्यों के अनुकूलन तथा मशीनों और आधुनिक तकनीक के प्रभावी इस्तेमाल पर जोर दिया।

महाप्रबंधक ने कहा कि बदलते कार्य परिवेश में बेहतर प्रबंधन के साथ तकनीक का सही उपयोग संगठन की कार्यक्षमता बढ़ाने में महत्वपूर्ण है। उन्होंने कार्य और उससे जुड़े आंकड़ों को व्यवस्थित एवं केंद्रीकृत तरीके से संग्रहित करने की आवश्यकता बताई, ताकि निर्णय प्रक्रिया तेज और प्रभावी हो सके। उन्होंने प्रतिभागियों से प्रशिक्षण में मिली जानकारी और प्रबंधन कौशल को अपने कार्यस्थल पर लागू करने का आह्वान किया।

समापन समारोह में कोटा मंडल के डीआरएम अनिल कालरा, वरिष्ठ उप महाप्रबंधक नीरज कुमार, प्रमुख मुख्य संरक्षा अधिकारी मनोज गुरुमुखी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles