नमो वन में जल्द शुरू होगा फिश एक्वेरियम, गुफा मंदिर में गौशाला निर्माण तेज करने के निर्देश

महापौर मालती राय ने किया निरीक्षण, नमो वन में यूरिनल और टॉयलेट बनाने को कहा
भोपाल। महापौर मालती राय ने शनिवार को लालघाटी चौराहे के पास स्थित नमो वन और गुफा मंदिर परिसर में निर्माणाधीन गौशाला का निरीक्षण किया। नमो वन में उन्होंने नागरिकों की सुविधा के लिए यूरिनल और टॉयलेट बनाने तथा नवनिर्मित फिश एक्वेरियम को जल्द शुरू करने के निर्देश दिए। वहीं, गुफा मंदिर परिसर में गौशाला निर्माण की धीमी गति पर नाराजगी जताते हुए काम में तेजी लाने को कहा।
महापौर ने नमो वन में शेष निर्माण कार्यों को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि यहां आने वाले लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कहा कि जरूरी व्यवस्थाएं समय पर पूरी की जाएं।
इसके बाद गुफा मंदिर परिसर में निर्माणाधीन गौशाला का जायजा लिया। निर्माण कार्य की धीमी गति पर अप्रसन्नता जताते हुए उन्होंने अलग-अलग कार्यों के लिए अलग-अलग टीमें लगाने को कहा। साथ ही प्रत्येक कार्य की समय-सीमा और लक्ष्य निर्धारित कर तय समय में निर्माण पूरा कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान महापौर परिषद के सदस्य मनोज राठौर, निगम के मुख्य अभियंता संतोष गुप्ता सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।





