राजस्व निरीक्षक संघ का 13वां प्रांतीय सम्मेलन आयोजित, हेमंत गोस्वामी बने प्रांताध्यक्ष

राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा और विधायक विष्णु खत्री हुए शामिल, विभागीय समस्याओं और मांगों पर हुई चर्चा
भोपाल। मध्यप्रदेश राजस्व निरीक्षक संघ का 13वां प्रांतीय सम्मेलन शनिवार को भोपाल में उत्साह और गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। सम्मेलन में प्रदेश के राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा और क्षेत्रीय विधायक विष्णु खत्री शामिल हुए। कार्यक्रम का आयोजन राजस्व निरीक्षक संघ भोपाल ने किया।
सम्मेलन में प्रदेशभर से आए राजस्व निरीक्षकों ने संगठन की एकता, विभागीय समस्याओं, सेवा संबंधी मुद्दों और राजस्व प्रशासन को अधिक प्रभावी बनाने पर विचार-विमर्श किया। राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा ने अपने संबोधन में राजस्व निरीक्षकों की भूमिका और जिम्मेदारियों के साथ जनसेवा में उनके योगदान को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने संघ की ओर से रखी गई मांगों को गंभीरता से सुना।
सम्मेलन के दौरान संगठन के प्रांतीय अध्यक्ष का निर्वाचन भी कराया गया। इसमें हेमंत गोस्वामी (हरदा) को प्रांताध्यक्ष चुना गया। वहीं अतुल दुबे (भोपाल) को कार्यवाहक अध्यक्ष, गजेंद्र जाटव (होशंगाबाद) को सचिव और तनु जैन (भोपाल) को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई।
कार्यक्रम में संघ पदाधिकारियों ने अतिथियों और प्रदेशभर से आए राजस्व निरीक्षकों के प्रति आभार व्यक्त किया।





