छठ के बाद यात्रियों की सुविधा के लिए तीन स्पेशल ट्रेनों का संचालन

दानापुर-एर्नाकुलम के बीच दोनों दिशाओं में एक-एक ट्रिप, मुजफ्फरपुर से पुणे के लिए भी चलेगी वन-वे ट्रेन
भोपाल। छठ पर्व के बाद अपने कामकाज और रोजगार के लिए लौटने वाले यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे ने तीन स्पेशल ट्रेनों के संचालन का निर्णय लिया है। इनमें दानापुर-एर्नाकुलम जंक्शन के बीच एक-एक ट्रिप दोनों दिशाओं में और मुजफ्फरपुर से पुणे के हडपसर स्टेशन के लिए एक वन-वे स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी। इन ट्रेनों का पश्चिम मध्य रेलवे के सतना, कटनी, जबलपुर और भोपाल मंडल के इटारसी स्टेशन पर ठहराव रहेगा।
दानापुर से 29 नवंबर को रवाना होगी ट्रेन
गाड़ी संख्या 03243 दानापुर-एर्नाकुलम स्पेशल 29 नवंबर को रात 10:45 बजे दानापुर से रवाना होकर 2 दिसंबर को सुबह 3 बजे एर्नाकुलम पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 03244 एर्नाकुलम-दानापुर स्पेशल 3 दिसंबर को सुबह 8 बजे रवाना होकर 5 दिसंबर को शाम 6 बजे दानापुर पहुंचेगी।
दानापुर से जाने वाली ट्रेन 30 नवंबर को इटारसी में दोपहर 3:40 बजे पहुंचेगी और 3:50 बजे रवाना होगी। वापसी में 5 दिसंबर को रात 12:30 बजे इटारसी पहुंचेगी और 12:40 बजे रवाना होगी।
दोनों ट्रेनों के प्रमुख ठहराव आरा, बक्सर, प्रयागराज छिवकी, सतना, कटनी, जबलपुर, इटारसी, नागपुर, विजयवाड़ा, कोयम्बत्तूर और त्रिशूर सहित अन्य स्टेशन होंगे। ट्रेन में कुल 19 कोच रहेंगे। इनमें 10 स्लीपर, एक द्वितीय कुर्सीयान, छह सामान्य और दो एसएलआरडी कोच शामिल हैं।
### मुजफ्फरपुर से पुणे के लिए वन-वे ट्रेन
गाड़ी संख्या 05213 मुजफ्फरपुर-हडपसर वन-वे स्पेशल 28 नवंबर को रात 7:20 बजे मुजफ्फरपुर से रवाना होगी। यह 29 नवंबर को दोपहर 12:15 बजे सतना, 2:05 बजे कटनी, शाम 4:40 बजे जबलपुर और रात 7:50 बजे इटारसी पहुंचेगी। ट्रेन 30 नवंबर को सुबह 11:40 बजे पुणे के हडपसर स्टेशन पहुंचेगी।
इस ट्रेन का ठहराव हाजीपुर, सोनपुर, पाटलिपुत्र, दानापुर, आरा, बक्सर, प्रयागराज छिवकी, मानिकपुर, सतना, कटनी, जबलपुर, इटारसी, खंडवा, भुसावल और मनमाड सहित अन्य स्टेशनों पर रहेगा। इसमें कुल 18 कोच लगाए जाएंगे।





