नगर निगम के 11 नाम निर्दिष्ट पार्षदों ने ली शपथ

महापौर मालती राय और निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी की मौजूदगी में एडीएम ने दिलाई शपथ

भोपाल, 10 सितंबर। नगर पालिक निगम भोपाल के लिए राज्य शासन द्वारा मनोनीत 12 नाम निर्दिष्ट पार्षदों में से 11 ने गुरुवार को जिला कलेक्टर कार्यालय में शपथ ली। अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी प्रकाश नायक ने सभी नाम निर्दिष्ट पार्षदों को पद और दायित्व की शपथ दिलाई।

शपथ ग्रहण समारोह में महापौर मालती राय, निगम परिषद अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी, महापौर परिषद के सदस्य एवं भाजपा जिला अध्यक्ष रविंद्र यती सहित निगम के अधिकारी और पार्षद मौजूद रहे।

शपथ लेने वाले पार्षदों में महेश तिवारी, सुनील द्विवेदी, प्रदीप लोधी, लीलाधर यादव, प्रमोद पोलघंटरवार, राजेश साहू, रवि गोयल, दीपक सक्सेना, विनोद चौरसिया, डीके सक्सेना और विजय सिंह शामिल हैं।

राज्य शासन ने नगर निगम भोपाल के लिए कुल 12 नाम निर्दिष्ट पार्षद मनोनीत किए हैं। इनमें से श्याम विजयवर्गीय के भोपाल से बाहर होने के कारण गुरुवार को शपथ नहीं हो सकी।

समारोह में अपर आयुक्त अंजू अरुण कुमार और अमन मिश्रा, उपायुक्त दिनेश सिंह और चंचलेश गिरहारे, महापौर परिषद के सदस्य, पार्षद तथा बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Exit mobile version