नई पाइपलाइन से गांधी मेडिकल कॉलेज टंकी जुड़ी, रोज 10 लाख लीटर पानी मिलेगा

400 मीटर लंबी पाइपलाइन का काम पूरा, ईदगाह फिल्टर प्लांट पर जलापूर्ति का दबाव होगा कम

भोपाल, 10 सितंबर। शहर में पेयजल व्यवस्था को मजबूत करने के लिए नगर निगम ने मेडिकल कॉलेज टंकी से गांधी मेडिकल कॉलेज टंकी तक नई पेयजल पाइपलाइन बिछाने का काम पूरा कर लिया है। करीब 400 मीटर लंबी इस पाइपलाइन से संबंधित क्षेत्रों में प्रतिदिन करीब 10 लाख लीटर यानी 1 एमएलडी पानी की आपूर्ति की जा सकेगी।

निगम आयुक्त संस्कृति जैन के निर्देश पर जलकार्य विभाग ने यह काम पूरा किया है। नई पाइपलाइन से जलप्रदाय शुरू होने के बाद संबंधित इलाकों में पानी की आपूर्ति सीधे मेडिकल कॉलेज टंकी से की जा सकेगी।

अभी इन क्षेत्रों में ईदगाह फिल्टर प्लांट से पानी पहुंचाया जा रहा था। नई व्यवस्था शुरू होने के बाद ईदगाह फिल्टर प्लांट पर निर्भरता कम होगी और वहां का दबाव भी घटेगा। इसका फायदा शहर के दूसरे हिस्सों में भी जलापूर्ति व्यवस्था को मिल सकेगा।

निगम के अनुसार नई पाइपलाइन से नागरिकों को पर्याप्त मात्रा में शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के साथ जलप्रदाय व्यवस्था में सुधार होगा।

Exit mobile version