विवेक त्रिपाठी ने मुख्य सचिव को लिखा पत्र, ROAMS पोर्टल की अव्यवस्थाओं का आरोप; लंबित वेतन तत्काल जारी करने की मांग
भोपाल। धनतेरस से एक दिन पहले तक वेतन नहीं मिलने को लेकर कांग्रेस ने प्रदेश सरकार पर सवाल उठाए हैं। कांग्रेस प्रवक्ता विवेक त्रिपाठी ने आरोप लगाया कि ROAMS पोर्टल की अव्यवस्थाओं के कारण प्रदेश के करीब आठ लाख आउटसोर्स और नियमित कर्मचारियों को वेतन नहीं मिला है। इससे लाखों परिवारों की दिवाली की खुशियों पर असर पड़ा है।
त्रिपाठी ने इस संबंध में मुख्य सचिव अशोक वर्णवाल को पत्र लिखकर कर्मचारियों की परेशानी से अवगत कराया और वेतन भुगतान में हो रही देरी पर सवाल उठाए।
उन्होंने कहा कि सरकारी विभागों का कामकाज जिन कर्मचारियों के भरोसे चल रहा है, उन्हें अपने मेहनताने के लिए परेशान होना पड़ रहा है। तकनीकी खामियों और विभागीय अव्यवस्थाओं की सजा कर्मचारियों और उनके परिवारों को क्यों भुगतनी पड़ रही है? जब कर्मचारियों की जेब में वेतन नहीं होगा, तो वे दिवाली कैसे मनाएंगे?
कांग्रेस ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार एक ओर दीपोत्सव और खुशहाली के दावे कर रही है, वहीं दूसरी ओर कर्मचारियों के परिवार आर्थिक संकट और मायूसी से जूझ रहे हैं।
**तीन मांगें रखीं**
कांग्रेस ने सरकार से सभी प्रभावित आउटसोर्स और नियमित कर्मचारियों का लंबित वेतन तत्काल जारी करने की मांग की है। साथ ही ROAMS पोर्टल की तकनीकी खामियां दूर होने तक वैकल्पिक भुगतान व्यवस्था लागू करने और भविष्य में पोर्टल की अव्यवस्थाओं के कारण किसी भी कर्मचारी का वेतन नहीं रोकने की मांग की है।
