धनतेरस पर भोपाल में 1000 करोड़ रुपये का कारोबार, महंगाई पर भारी पड़ा ग्राहकों का उत्साह

सराफा से ऑटोमोबाइल तक बाजारों में बरसा धन, ट्रैक्टर, मोबाइल, कपड़ा, फर्नीचर और किराना कारोबार ने भी बढ़ाया आंकड़ा; सुबह से देर रात तक बाजारों में रही रौनक
भोपाल। धनतेरस पर राजधानी के बाजारों में जमकर धनवर्षा हुई। सोना-चांदी, कार और दोपहिया वाहनों से लेकर इलेक्ट्रॉनिक्स, बर्तन, कपड़े, मोबाइल, फर्नीचर और सजावटी सामान तक हर बाजार में ग्राहकों की भीड़ रही। महंगाई और महंगे दामों के बावजूद लोगों ने शुभ मुहूर्त में खरीदारी की परंपरा निभाई। व्यापारिक प्रतिनिधियों के अनुमानों के मुताबिक धनतेरस पर भोपाल में कुल कारोबार का आंकड़ा करीब 1000 करोड़ रुपये तक पहुंच गया। इसमें प्रमुख व्यापारिक क्षेत्रों के साथ कृषि उपकरण, ट्रैक्टर, मोबाइल, कंप्यूटर, रेडीमेड कपड़े, ड्राई फ्रूट्स, किराना, खाद्य तेल, फुटवियर, कॉस्मेटिक्स और गिफ्ट कारोबार भी शामिल है।
भोपाल किराना व्यापारी महासंघ के महामंत्री एवं कैट के पूर्व प्रवक्ता विवेक साहू ने बताया कि इस बार लगभग हर कारोबारी क्षेत्र में अच्छी ग्राहकी रही। सराफा और ऑटोमोबाइल के अलावा रोजमर्रा की जरूरतों से जुड़े बाजारों में भी लोगों ने जमकर खरीदारी की। ड्राई फ्रूट्स, खाद्य तेल, किराना और पूजन सामग्री की मांग दीपावली की तैयारियों के चलते बढ़ी। घरों में पूजा-पाठ और हवन के लिए भी बड़ी मात्रा में सामग्री खरीदी गई। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन खरीदारी के दौर में भी स्थानीय बाजारों और दुकानदारों के प्रति ग्राहकों का भरोसा बना हुआ है।
सराफा और ऑटोमोबाइल में सबसे ज्यादा कारोबार
व्यापारिक अनुमानों के अनुसार सराफा बाजार में करीब 200 से 250 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ। सोने-चांदी के आभूषणों, सिक्कों और अन्य कीमती वस्तुओं की खरीदारी में लोगों ने रुचि दिखाई। ऑटोमोबाइल सेक्टर में करीब 120 से 140 करोड़ रुपये का कारोबार होने का अनुमान है। इस दौरान लगभग 500 चार पहिया और 2000 दोपहिया वाहन बिके। इलेक्ट्रिक वाहनों की ओर भी ग्राहकों का रुझान रहा।
बर्तन बाजार में 10 से 20 करोड़, क्रॉकरी में 3 से 5 करोड़ और मिठाई कारोबार में 10 से 15 करोड़ रुपये का व्यापार होने का अनुमान है। सजावटी सामान और तोरण के बाजार में 20 से 25 करोड़, इलेक्ट्रॉनिक आइटम में 40 से 45 करोड़ तथा सजावटी लाइटिंग में 5 से 7 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ।
इन बाजारों ने भी बढ़ाया कारोबार
कुल कारोबार में ट्रैक्टर और कृषि उपकरण, मोबाइल एवं कंप्यूटर, कपड़ा और रेडीमेड, फर्नीचर, ड्राई फ्रूट्स, किराना एवं खाद्य तेल, फुटवियर एवं कॉस्मेटिक्स तथा गिफ्ट और पैकेजिंग कारोबार का भी बड़ा योगदान रहा। इन क्षेत्रों की खरीदारी को शामिल करने पर व्यापारिक अनुमान करीब 1000 करोड़ रुपये तक पहुंच गया।
व्यापारियों ने क्या बताया
सराफा व्यापारी पदाधिकारी नवनीत अग्रवाल के अनुसार सोने-चांदी के भाव में उतार-चढ़ाव के बावजूद ग्राहकों ने आभूषणों और सिक्कों की खरीदारी की। थोक बर्तन व्यापारी संदीप ताम्रकार ने बताया कि स्टील, पीतल, तांबे और आधुनिक किचन आइटम की मांग रही। क्रॉकरी कारोबारी सुनील साहू के अनुसार डिनर सेट, कप-प्लेट और गिफ्ट आइटम खूब बिके।
मिष्ठान पेय भंडार संघ के अध्यक्ष राकेश जैन और सचिव मोहन शर्मा ने बताया कि पारंपरिक मिठाइयों के साथ ड्राई फ्रूट मिठाई और गिफ्ट पैक की मांग रही। सजावटी सामान के थोक विक्रेता सौरभ साहू के अनुसार तोरण, कृत्रिम फूल और दीपक की अच्छी बिक्री हुई। इलेक्ट्रॉनिक कारोबारियों महेंद्र सिंह ठाकुर और असीम जैन ने बताया कि टीवी, फ्रिज, वॉशिंग मशीन और मोबाइल जैसे उत्पादों की खरीदारी में उत्साह रहा।
धनतेरस की इस ग्राहकी से व्यापारियों को दीपावली के शेष दिनों में भी अच्छे कारोबार की उम्मीद है।





