State

दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ पर दो स्पेशल ट्रेनें चलेंगी

पुणे–गोरखपुर और मुंबई CSMT–गोरखपुर के बीच भोपाल मंडल होकर होगा संचालन

भोपाल। दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ महापर्व के दौरान यात्रियों की बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए रेलवे ने दो जोड़ी स्पेशल ट्रेनों के संचालन का निर्णय लिया है। दोनों ट्रेनें भोपाल मंडल के प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरेंगी। इससे महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश और उत्तरप्रदेश के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा मिलेगी।

पुणे–गोरखपुर स्पेशल के 44 फेरे

गाड़ी संख्या 01415/01416 पुणे–गोरखपुर–पुणे दैनिक स्पेशल पुणे से 9 अक्टूबर से 21 नवंबर 2026 तक और गोरखपुर से 10 अक्टूबर से 22 नवंबर तक चलेगी। इस ट्रेन के कुल 44 फेरे होंगे।

पुणे से यह ट्रेन सुबह 6.50 बजे रवाना होकर दौंड कॉर्ड लाइन, अहमदनगर, कोपरगांव, मनमाड, भुसावल, खंडवा, इटारसी और भोपाल होते हुए गोरखपुर पहुंचेगी। भोपाल में इसका समय रात 11.15 से 11.25 बजे रहेगा।

वापसी में गोरखपुर से ट्रेन शाम 5.30 बजे रवाना होगी और बस्ती, गोंडा, लखनऊ, कानपुर, झांसी, बीना, भोपाल, इटारसी, खंडवा, भुसावल, मनमाड और अहमदनगर होते हुए पुणे पहुंचेगी। भोपाल में इसका समय सुबह 10.05 से 10.10 बजे रहेगा।

इस ट्रेन में 6 शयनयान, 6 सामान्य, 4 वातानुकूलित तृतीय श्रेणी और 2 एसएलआरडी सहित कुल 18 कोच होंगे।

मुंबई–गोरखपुर स्पेशल के 43 फेरे

गाड़ी संख्या 01079/01080 मुंबई CSMT–गोरखपुर–मुंबई CSMT दैनिक स्पेशल मुंबई CSMT से 9 अक्टूबर से 20 नवंबर तक और गोरखपुर से 11 अक्टूबर से 22 नवंबर 2026 तक चलेगी। इसके कुल 43 फेरे होंगे।

मुंबई CSMT से रात 10.30 बजे रवाना होकर यह ट्रेन दादर, ठाणे, कल्याण, इगतपुरी, नासिक रोड, मनमाड, जलगांव, भुसावल, खंडवा और इटारसी होते हुए भोपाल पहुंचेगी। भोपाल में इसका समय दोपहर 3.55 से 4 बजे रहेगा। इसके बाद ट्रेन बीना, झांसी, उरई, कानपुर, लखनऊ, गोंडा और बस्ती होते हुए गोरखपुर पहुंचेगी।

वापसी में गोरखपुर से ट्रेन दोपहर 2.30 बजे रवाना होगी। यह भोपाल अगले दिन सुबह 6.30 से 6.35 बजे पहुंचेगी। इसके बाद इटारसी, खंडवा, भुसावल, मनमाड, नासिक रोड, इगतपुरी, कल्याण, ठाणे और दादर होते हुए मुंबई CSMT पहुंचेगी।

इस ट्रेन में 12 शयनयान, 6 सामान्य, 4 वातानुकूलित तृतीय श्रेणी और 2 एसएलआर सहित कुल 24 कोच होंगे।

Related Articles