नेहरू नगर से न्यू मार्केट तक निरीक्षण, कई जगह एक्सपायरी सामग्री मिली; नमूने जांच के लिए भेजे जाएंगे
भोपाल, 5 नवंबर। दीपावली पर खाद्य पदार्थों में मिलावट और खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन पर रोक लगाने के लिए भोपाल में चलित न्यायालय ने विभिन्न क्षेत्रों में मिठाई दुकानों, होटल और रेस्टोरेंटों का निरीक्षण किया। न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी एवं विशेष नगर निगम मजिस्ट्रेट तरुणेन्द्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की। कई प्रतिष्ठानों से खाद्य नमूने लिए गए, जबकि एक्सपायरी और अनुपयोगी सामग्री मौके पर नष्ट कराई गई।
नेहरू नगर में आशा स्वीट्स से रबड़ी और पनीर के नमूने लिए गए। यहां विक्रय के लिए एक्सपायरी खाद्य पदार्थ मिलने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत प्रकरण तैयार किया गया। मधुराम स्वीट्स से मावा, पनीर और ड्राई फ्रूट्स के नमूने लिए गए। एक्सपायरी नारियल बूरे के 10 पैकेट नष्ट कराए गए।
जवाहर चौक स्थित अनुपम स्वीट्स एंड रेस्टोरेंट से काजू और इस्तेमाल किए जा चुके रिफाइंड सोयाबीन तेल के नमूने लिए गए। यहां एक्सपायरी कोल्ड ड्रिंक, जूस, काजू पैकेट और अन्य खाद्य सामग्री भी नष्ट कराई गई। वीआईपी रोड स्थित सुरवाना रेस्टोरेंट से प्रथम दृष्टया मिथ्याछाप पाए गए कुंदन ब्रांड बूंदी का नमूना लिया गया।
किचन में नॉनवेज सामग्री के साथ रखी थी शाकाहारी खाद्य सामग्री
लालघाटी और जीवाना वेलनेस क्षेत्र में जीवन रिजॉर्ट, गागर और A&A Enterprises सहित विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। गागर से कलाकंद तथा A&A Enterprises से हैंडक्राफ्टेड ब्रेड और फलाफल के नमूने लिए गए।
दीवाना रिजॉर्ट के किचन निरीक्षण में नॉनवेज खाद्य सामग्री शाकाहारी सामग्री के साथ रखी मिली। न्यायालय के निर्देश पर लंबे समय से रखी संदिग्ध और खराब होने की स्थिति में पहुंच चुकी तैयार नॉनवेज सामग्री को मौके पर नष्ट कराया गया। कोका-कोला और अन्य शीतल पेय पदार्थों की अनुपयोगी सामग्री भी नष्ट कराई गई।
न्यू मार्केट स्थित बृजवासी स्वीट्स से मीठा मावा, कुंदा मिठाई, मिल्क केक और बेसन लड्डू के नमूने लिए गए। रोशनपुरा चौराहे पर बृजवासी स्वीट्स, डोमिनोज पिज्जा और पिज्जा हट का निरीक्षण कर स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा व्यवस्था जांची गई।
जांच रिपोर्ट के बाद होगी आगे की कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार, दीपावली के दौरान मिठाई, मावा, पनीर, नमकीन और ड्राई फ्रूट्स की मांग बढ़ने के कारण प्रतिष्ठानों की निगरानी जरूरी है। कार्रवाई में लिए गए नमूने प्रयोगशाला भेजे जाएंगे। जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने त्योहार के दौरान निरीक्षण और निगरानी जारी रखने की बात कही है।
