दीपावली पर स्वदेशी उत्पाद खरीदें, ड्रग्स और अवैध शराब के खिलाफ अभियान तेज करें: संभागायुक्त

कर्मवीर शर्मा ने अधिकारियों को दिए निर्देश, स्कूल-कॉलेज और छात्रावासों में बनेंगी एंटी ड्रग्स समितियां; त्योहारों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने पर जोर
भोपाल। संभागायुक्त कर्मवीर शर्मा ने दीपावली पर ‘वोकल फॉर लोकल’ का संकल्प लेते हुए स्वदेशी उत्पादों की खरीद को प्राथमिकता देने की अपील की है। उन्होंने स्थानीय कलाकारों, कुम्हारों और माटी के शिल्पकारों को प्रोत्साहित करने तथा पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और सुरक्षा का ध्यान रखते हुए त्योहार मनाने का आग्रह किया। साथ ही संभाग के सभी जिलों में ड्रग्स और अवैध शराब के निर्माण, बिक्री तथा परिवहन के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
संभागायुक्त ने धनतेरस, दीपावली, गोवर्धन पूजा और भाईदूज की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि दीपावली अंधकार पर प्रकाश और बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक है। यह पर्व समाज में प्रेम, सद्भाव और भाईचारे को मजबूत करने का अवसर है।
नशे के खिलाफ बनेगी जिलेवार कार्ययोजना
संभागायुक्त ने गुरुवार को संभागायुक्त कार्यालय में अंतरविभागीय समीक्षा बैठक लेकर अधिकारियों को निर्देश दिए कि ड्रग्स और अवैध शराब के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (रासुका) और एनडीपीएस एक्ट के तहत कठोर कार्रवाई की जाए। इनके नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए पुलिस, आबकारी और अन्य विभाग मिलकर अभियान चलाएं। इस कार्य में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में भोपाल पुलिस कमिश्नर संजय कुमार, आईजी भोपाल देहात पंकज पांडे, आईजी नर्मदापुरम चंद्रशेखर सोलंकी, संभाग के कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, आबकारी अधिकारी और अन्य संबंधित अधिकारी शामिल हुए।
स्कूल-कॉलेजों में बनेंगी एंटी ड्रग्स समितियां
संभागायुक्त ने सभी स्कूल, कॉलेज, विश्वविद्यालय और छात्रावासों में एंटी ड्रग्स समितियां गठित करने के निर्देश दिए। समितियां नियमित बैठक कर विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करेंगी और ड्रग्स या अवैध शराब की बिक्री की जानकारी पुलिस को देंगी।
प्रत्येक छात्रावास में नोडल अधिकारी नियुक्त करने तथा पुलिस और आबकारी विभाग के संयुक्त दलों से नियमित निरीक्षण कराने को कहा गया। जिलेवार कार्ययोजना बनाकर नशा उन्मूलन अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए।
नशामुक्ति केंद्रों का होगा निरीक्षण
संभागायुक्त ने नशामुक्ति केंद्रों का निरीक्षण करने और मेडिकल एसोसिएशन के साथ बैठक कर दवाओं के दुरुपयोग पर रोक लगाने के निर्देश दिए। औद्योगिक क्षेत्रों में भी जागरूकता और कार्रवाई के लिए उद्योग प्रतिनिधियों से समन्वय किया जाएगा। मोहल्लावार समितियां बनाने तथा सरकारी अस्पतालों में नशामुक्ति के मरीजों के उपचार के लिए अलग सेल बनाने का सुझाव भी दिया गया।
बैठक में आगामी त्योहारों पर कानून व्यवस्था, आदतन अपराधियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई, सड़क सुरक्षा, औद्योगिक क्षेत्रों में अग्नि सुरक्षा और भोपाल में आयोजित होने वाले सालाना तब्लीगी इज्तिमा की व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई।





