State

दिल्ली सराय रोहिल्ला-अशोकनगर के बीच चलेगी स्पेशल ट्रेन

17 सितंबर को दिल्ली से रवाना होगी, 21 सितंबर को अशोकनगर से वापसी

भोपाल। आनंदपुर ट्रस्ट में आयोजित श्री 108 गुरु महाराज जी के 100वें जन्मदिवस समारोह में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं की संभावित अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे ने दिल्ली सराय रोहिल्ला और अशोकनगर के बीच एक-एक ट्रिप स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। इससे यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।

गाड़ी संख्या 04004 दिल्ली सराय रोहिल्ला-अशोकनगर स्पेशल 17 सितंबर को दोपहर 12:15 बजे दिल्ली सराय रोहिल्ला से रवाना होगी। ट्रेन फरीदाबाद, कोसीकलां, मथुरा जंक्शन, गंगापुर सिटी जंक्शन, सोगरिया और गुना होते हुए 18 सितंबर को सुबह 3 बजे अशोकनगर पहुंचेगी।

वापसी में गाड़ी संख्या 04003 अशोकनगर-दिल्ली सराय रोहिल्ला स्पेशल 21 सितंबर को शाम 5 बजे अशोकनगर से रवाना होगी। यह गुना, सोगरिया, गंगापुर सिटी जंक्शन, मथुरा जंक्शन, कोसीकलां और फरीदाबाद होते हुए 22 सितंबर को सुबह 8:45 बजे दिल्ली सराय रोहिल्ला पहुंचेगी।

24 कोच की होगी ट्रेन

स्पेशल ट्रेन में कुल 24 कोच होंगे। इनमें 1 थर्ड एसी, 2 स्लीपर, 19 सामान्य श्रेणी और 2 एसएलआर कोच शामिल हैं। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों और श्रद्धालुओं से अपील की है कि अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए विशेष ट्रेन सेवा का लाभ उठाएं। ट्रेन के ठहराव, समय और अन्य जानकारी रेलवे की अधिकृत पूछताछ सेवा से प्राप्त की जा सकती है।

Related Articles