12 अक्टूबर से 17 नवंबर तक चलेगी द्वि-साप्ताहिक ट्रेन, दोनों दिशाओं में 11-11 फेरे
भोपाल। दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ पूजा के दौरान बढ़ने वाली यात्रियों की भीड़ को देखते हुए पश्चिम मध्य रेलवे ने रानी कमलापति और दानापुर के बीच द्वि-साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। दोनों दिशाओं में इस ट्रेन की कुल 22 सेवाएं संचालित की जाएंगी।
सोमवार और शुक्रवार को रानी कमलापति से रवाना
गाड़ी संख्या 01667 रानी कमलापति-दानापुर स्पेशल प्रत्येक सोमवार और शुक्रवार को चलेगी। यह ट्रेन 12 अक्टूबर से 16 नवंबर 2026 तक रानी कमलापति स्टेशन से दोपहर 2:25 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 9:15 बजे दानापुर पहुंचेगी। इस दिशा में 11 फेरे होंगे।
वापसी में गाड़ी संख्या 01668 दानापुर-रानी कमलापति स्पेशल प्रत्येक मंगलवार और शनिवार को चलेगी। यह ट्रेन 13 अक्टूबर से 17 नवंबर 2026 तक दानापुर से सुबह 11:20 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 10:50 बजे रानी कमलापति पहुंचेगी। इस दिशा में भी 11 फेरे निर्धारित हैं।
इन स्टेशनों पर होगा ठहराव
ट्रेन दोनों दिशाओं में रानी कमलापति, नर्मदापुरम, इटारसी जंक्शन, पिपरिया, गाडरवारा, नरसिंहपुर, जबलपुर, सिहोरा रोड, कटनी जंक्शन, मैहर, सतना, मानिकपुर, प्रयागराज छिवकी, मिर्जापुर, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, बक्सर और आरा सहित विभिन्न स्टेशनों पर रुकेगी।
ट्रेन में यात्रियों की सुविधा के लिए वातानुकूलित, शयनयान और सामान्य श्रेणी के 24 आईसीएफ कोच लगाए जाएंगे।
रेलवे के अनुसार त्योहारों के दौरान इस अतिरिक्त सेवा से यात्रियों को आवागमन के लिए एक और विकल्प मिलेगा। इससे नियमित ट्रेनों में बढ़ने वाले यात्री भार को कम करने में भी मदद मिलेगी।
रेल प्रशासन ने यात्रियों से ट्रेन के ठहराव और समय-सारिणी की ताजा जानकारी के लिए NTES ऐप या भारतीय रेल की ट्रेन पूछताछ सेवा का उपयोग करने की अपील की है।
