तीन महीने में भोपाल-इंदौर का मास्टर प्लान नहीं आया तो इंदौर से भोपाल तक पदयात्रा: पटवारी

50 हजार कांग्रेसजन होंगे शामिल, बेतरतीब विकास और भ्रष्टाचार के खिलाफ आंदोलन की चेतावनी

भोपाल, 12 सितंबर। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा है कि अगले तीन महीने में भोपाल और इंदौर का मास्टर प्लान जारी नहीं किया गया तो कांग्रेस इंदौर से भोपाल तक 50 हजार लोगों के साथ पदयात्रा निकालेगी। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन केवल मास्टर प्लान की मांग तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि बेतरतीब विकास और भ्रष्टाचार के खिलाफ भी जनआंदोलन का रूप लेगा।

पटवारी शनिवार को रोशनपुरा चौराहे पर पूर्व मंत्री पीसी शर्मा द्वारा भोपाल मास्टर प्लान लागू करने की मांग को लेकर किए जा रहे 31 घंटे के उपवास में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लंबे समय से भोपाल और इंदौर के मास्टर प्लान को लागू करने की मांग कर रही है। व्यापारियों और विधायक आरिफ मसूद की ओर से भी इस मुद्दे पर आंदोलन किए जा चुके हैं।

उन्होंने नगरीय प्रशासन मंत्री, मुख्य सचिव और मुख्यमंत्री से तीन महीने के भीतर दोनों शहरों का मास्टर प्लान जारी करने की मांग की। पटवारी ने कहा कि मास्टर प्लान के अभाव में शहरों का विकास व्यवस्थित तरीके से नहीं हो रहा है और इसका असर आम लोगों तथा व्यापारियों पर पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि सरकार ने जनता से वोट लिए हैं। यदि लोगों को मूलभूत सुविधाओं और व्यवस्थित विकास के लिए आंदोलन करना पड़े तो यह जनता के साथ अन्याय है। कांग्रेस सड़क से सदन तक जनता और व्यापारियों की आवाज उठाएगी।

राहुल गांधी के कार्यक्रम को लेकर सरकार पर निशाना

पटवारी ने राहुल गांधी के 19 सितंबर को प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर भी राज्य सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी के कार्यक्रम के लिए मैदान के उपयोग के नाम पर सरकार ने 10 लाख रुपये शुल्क लिया है। पटवारी ने कहा कि कार्यक्रम छात्रों और युवाओं से जुड़ा है और इसमें बड़ी संख्या में युवा शामिल होंगे।

उन्होंने कहा कि सरकार को राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर लोकतांत्रिक परंपराओं और जनभावनाओं का सम्मान करना चाहिए। पटवारी ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नेता प्रतिपक्ष रहते भोपाल आने के दौरान कांग्रेस सरकार के रुख का हवाला देते हुए कहा कि उस समय विपक्ष के नेताओं के कार्यक्रमों को लेकर अलग रवैया अपनाया जाता था।

कार्यक्रम में कांग्रेस के मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक, विधायक नितेंद्र राठौर और विजय चौरे, पूर्व संगठन महामंत्री राजीव सिंह, महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष रीना बौरासी, भोपाल शहर कांग्रेस अध्यक्ष प्रवीण सक्सेना सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Exit mobile version