मंदसौर में 37.73 लाख की कार्रवाई, रीवा में 22.73 लाख का गांजा और वाहन जब्त
भोपाल, 17 सितंबर। मध्यप्रदेश पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ प्रदेश के विभिन्न जिलों में कार्रवाई करते हुए पिछले तीन दिनों में 96 लाख 41 हजार रुपए से अधिक कीमत के मादक पदार्थ, वाहन और अन्य सामग्री जब्त की है। पुलिस ने कई आरोपियों को गिरफ्तार भी किया है।
मंदसौर में तीन कार्रवाई में 37.73 लाख की जब्ती
मंदसौर जिले में भैसोदामंडी पुलिस ने दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार कर 160 ग्राम एमडी, 6.8 किलो डोडाचूरा और मोटरसाइकिल सहित करीब 16.83 लाख रुपए की संपत्ति जब्त की। शामगढ़ पुलिस ने बोलेरो पिकअप से 100 किलो डोडाचूरा जब्त किया। इसकी कीमत सहित करीब 10 लाख रुपए की संपत्ति जब्त की गई। नई आबादी पुलिस ने एमडी और डोडाचूरा जब्त कर करीब 10.90 लाख रुपए की संपत्ति जब्त की। तीनों मामलों में कुल 37.73 लाख रुपए से अधिक की जब्ती हुई।
नीमच में 141 किलो डोडाचूरा पकड़ा
रतनगढ़ थाना क्षेत्र में पुलिस ने 1 क्विंटल 41 किलो डोडाचूरा जब्त किया। इसकी अनुमानित कीमत 21.27 लाख रुपए बताई गई है। मामले में एक आरोपी गिरफ्तार हुआ।
रीवा में छह आरोपी गिरफ्तार
रीवा के चोरहटा थाना क्षेत्र में ऑपरेशन प्रहार 2.0 के तहत पुलिस ने 62.388 किलो गांजा जब्त कर छह आरोपियों को गिरफ्तार किया। कार्रवाई में बोलेरो, टाटा बोल्ट कार और सात मोबाइल सहित करीब 22.73 लाख रुपए की संपत्ति जब्त की गई।
अन्य जिलों में भी कार्रवाई
देवास के खातेगांव में चार आरोपियों से 24 ग्राम ब्राउन शुगर जब्त की गई, जिसकी कीमत 2.40 लाख रुपए बताई गई है। गुना के मृगवास में राजस्थान से स्मैक ला रहे दो आरोपियों को 50.86 ग्राम स्मैक और मोटरसाइकिल सहित करीब छह लाख रुपए की संपत्ति के साथ पकड़ा गया।
सिंगरौली के चितरंगी में घर की बाउंड्री में उगाए गए गांजे के 11 पौधे जब्त किए गए। इनका वजन 8.2 किलो और अनुमानित कीमत 1.20 लाख रुपए है। जबलपुर के मदनमहल क्षेत्र में एक आरोपी से 10.168 किलो गांजा, मोबाइल और दो बैग सहित करीब 5.08 लाख रुपए की संपत्ति जब्त की गई।
पुलिस के अनुसार मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े नेटवर्क की पहचान कर उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।
