State

तहसील और नगर निगम जोन कार्यालय के पास बदहाल सड़क को लेकर राहुल सिंह राठौड़ ने जारी, आम लोगों को परेशानी

कोलार तहसील कार्यालय की सड़क पर गड्ढे ही गड्ढे, कांग्रेस नेता ने उठाए सवाल

भोपाल। नगर निगम के कोलार जोन कार्यालय के पास स्थित कोलार तहसील कार्यालय की सड़क की बदहाली को लेकर कांग्रेस ने नगर निगम पर सवाल उठाए हैं। कोलार ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राहुल सिंह राठौड़ ने सड़क के गड्ढों और कीचड़ से भरे रास्ते के फोटो जारी किए हैं। उन्होंने इसे नगर निगम और भाजपा के विकास कार्यों पर सवाल खड़ा करने वाला उदाहरण बताया।

राठौड़ का कहना है कि तहसील कार्यालय में रोजाना बड़ी संख्या में लोग अपने काम से पहुंचते हैं। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे होने और बारिश के बाद इनमें पानी व कीचड़ भर जाने से लोगों को आने-जाने में परेशानी हो रही है। उनका आरोप है कि कई लोग इस रास्ते पर फिसलकर गिर भी रहे हैं।

उन्होंने कहा कि कोलार तहसील कार्यालय में एसडीएम, तहसीलदार समेत कई अधिकारी रोजाना बैठते हैं। इसके अलावा तहसील कार्यालय के पास ही नगर निगम का कोलार जोन कार्यालय भी है, जहां नगर निगम के अधिकारी और कर्मचारी काम करते हैं। इसके बावजूद सड़क की स्थिति पर अब तक ध्यान नहीं दिया गया।

कांग्रेस नेता ने कहा कि जब तहसील और नगर निगम कार्यालय जैसे प्रमुख सरकारी कार्यालयों के आसपास की सड़कें ही गड्ढों से भरी हैं तो कोलार क्षेत्र की कॉलोनियों में सड़कों की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है। उन्होंने नगर निगम से सड़क के गड्ढे भरने और जलभराव की समस्या दूर करने की मांग की है।

राठौड़ ने कहा कि आम लोगों को रोजाना इसी रास्ते से होकर सरकारी कार्यालयों तक पहुंचना पड़ रहा है। ऐसे में संबंधित विभागों को समस्या का जल्द समाधान करना चाहिए।

Related Articles