ड्रैगन हाउस, भविष्या होटल, राजहंश पर मशरुम मिला सड़ा, खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने किया जब्त, जांच हेतु लिए नमूने

भोपाल। शहर के एमपी नगर में संचालित प्रतिष्ठित होटल और खाद्य प्रतिष्ठानों की रसोई में मंगलवार को खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने छापेमारी की. टीम ने यहां पर खाद्य पदार्थों के रखरखाव से लेकर साफ-सफाई, कर्मचारियों के स्वास्थ्य रिकॉर्ड, पेयजल और स्वच्छता व्यवस्था तक की पड़ताल की. जांच में ड्रैगन हाउस, भविष्या होटल एंड क्लब प्राइवेट लिमिटेड में टीम को पांच पैकेट मशरूम सड़े-गले मिले. इतना ही नहीं, समाप्त हो चुके मसालों के पैकेटों पर चूहों के कुतरने के साफ निशान भी दिखाई दिए. रसोई में चूहों की मौजूदगी के प्रमाण मिलने पर जब प्रबंधक से पूछताछ की गई तो उसने भी चूहों की समस्या होने की बात स्वीकार की. इस दौरान शाकाहारी और मांसाहारी खाद्य पदार्थों को अलग रखने की व्यवस्था भी नहीं मिली. फ्रीजों में खाद्य सामग्री एक साथ रखी पाई गई. खाद्य सुरक्षा विभाग के दल ने ड्रैगन हाउस का खाद्य पंजीयन आगामी आदेश तक निलंबित कर दिया. टीम ने यहां से किंगफिशर स्ट्रॉन्ग प्रीमियम बीयर और अरोमा पाउडर के दो नमूने भी लिए.
इंडियन कॉफी हाउस नहीं मिली सफाई
एमपी नगर जोन-1 स्थित इंडियन कॉफी हाउस की जांच में भी कई खामियां सामने आईं. परिसर में खुले कूड़ेदान रखे मिले और साफ-सफाई के इंतजाम संतोषजनक नहीं थे. पापड़ के पैकेटों पर गलत जानकारी लिखी मिली. मांसाहारी खाद्य पदार्थों के लिए अलग भंडारण, बर्तन और फ्रीज की व्यवस्था भी नहीं थी. रसोई में दो कड़ाहियां काली पड़ी मिलीं. नाली के पानी की निकासी व्यवस्था भी दुरुस्त नहीं मिली. टीम ने यहां से खुले तेल का एक नमूना जांच के लिए लिया.
-राजहंस में सड़ा मशरूम मिला
एमपी नगर स्थित राजहंस में भी जांच के दौरान एक पैकेट मशरूम खराब और सड़ा हुआ मिला. परिसर में दो खुले कूड़ेदान रखे थे. सबसे बड़ी कमी यह सामने आई कि यहां काम करने वाले 15 कर्मचारियों के स्वास्थ्य परीक्षण का रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं था. पेयजल की गुणवत्ता जांच से संबंधित रिपोर्ट भी टीम को नहीं मिली. करीब 250 रुपए प्रति किलो की दर से बिक रहे पनीर मिलावटी की आशंका पर उसका नमूना लिया गया. नमूने की रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.



