डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी पुस्तकालय एवं ई-लाइब्रेरी का लोकार्पण

200 विद्यार्थियों के एक साथ अध्ययन की सुविधा, 1600 पुस्तकों का संग्रह
भोपाल, 13 सितंबर 2026। हुजूर विधानसभा के कोलार क्षेत्र स्थित बंजारी दशहरा मैदान में नवनिर्मित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी पुस्तकालय एवं ई-लाइब्रेरी का रविवार को विधायक श्री रामेश्वर शर्मा ने लोकार्पण किया। इस सुविधा से क्षेत्र के विद्यार्थियों और नागरिकों को अध्ययन के लिए बेहतर स्थान उपलब्ध होगा।
विधायक शर्मा ने फीता काटकर तथा मां सरस्वती और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर माल्यार्पण कर पुस्तकालय का शुभारंभ किया। उन्होंने पुस्तकालय का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की सराहना की और यहां महापुरुषों के चित्र लगाने तथा समय-समय पर सुविधाओं को अपडेट करने के निर्देश दिए।
पुस्तकालय में एक साथ 200 विद्यार्थी और नागरिक बैठकर अध्ययन कर सकते हैं। यहां प्रतियोगी परीक्षाओं, शिक्षा, स्वास्थ्य, साहित्य और महापुरुषों की जीवनियों से संबंधित करीब 1600 पुस्तकें उपलब्ध हैं। इंटरनेट सुविधा वाले आठ कंप्यूटर और वाई-फाई की सुविधा भी है। पंजीयन के लिए पहली बार 1000 रुपये जमा करने होंगे, जिसमें 600 रुपये सदस्यता और 400 रुपये धरोहर राशि है। कार्यक्रम में अपर आयुक्त अभिषेक सिंह सहित पार्षद और नागरिक मौजूद रहे।





