कनेरा पंचायत में सफाई अभियान चलाकर दिलाई स्वच्छता की शपथ, पंचायत भवन परिसर में किया पौधरोपण
भोपाल। स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत 18 सितंबर को जनपद पंचायत फंदा की ग्राम पंचायत कनेरा में सफाई अभियान चलाया गया। भोपाल जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी इला तिवारी जिला पंचायत और जनपद फंदा के अधिकारियों के साथ गांव पहुंचीं। जिला पंचायत उपाध्यक्ष मोहन सिंह जाट की मौजूदगी में सीईओ ने ग्रामीणों और समूह की महिलाओं के साथ झाड़ू लगाकर स्वच्छता का संदेश दिया।
इस दौरान इला तिवारी ने ग्रामीणों से घर, शासकीय भवन, धार्मिक स्थलों और गांव को साफ रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि गांव को गंदगी मुक्त बनाने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी ईमानदारी से निभानी होगी। उन्होंने ग्रामीणों को ‘स्वच्छता ही सेवा है’ की शपथ भी दिलाई।
इसके बाद जिला पंचायत उपाध्यक्ष मोहन सिंह जाट के साथ पंचायत भवन परिसर में पौधरोपण किया गया। जिला पंचायत सीईओ ने बेरसिया रोड की आधा दर्जन से अधिक ग्राम पंचायतों का दौरा कर वहां साफ-सफाई व्यवस्था का निरीक्षण भी किया।
इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष मोहन सिंह जाट ने सीईओ इला तिवारी, एसीओ और जनपद पंचायत फंदा की सीईओ शिवानी मिश्रा का शाल, श्रीफल और पुष्पगुच्छ से स्वागत किया तथा भगवान राधा-कृष्ण की तस्वीर भेंट की।
कार्यक्रम में संदीप श्रीवास्तव, स्वच्छता अधिकारी आशा राय, सरपंच पर्वत सिंह लोधी, सचिव महेंद्र तिवारी, रोजगार सहायक वीरेन जाट, समूह की महिलाएं और ग्रामीण मौजूद रहे।
