जिला न्यायालय परिसर में रक्तदान शिविर, 31 यूनिट रक्त एकत्रित

यायिक अधिकारियों, कर्मचारियों और अधिवक्ताओं ने लिया हिस्सा, जरूरतमंद मरीजों के लिए उपलब्ध कराया जाएगा रक्त

भोपाल, 19 सितंबर। जिला न्यायालय परिसर भोपाल में शनिवार को रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देश और प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष मनोज कुमार श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में आयोजित शिविर में न्यायिक अधिकारियों, कर्मचारियों, अधिवक्ताओं और अन्य लोगों ने रक्तदान किया।

शिविर का शुभारंभ विशेष न्यायाधीश राजर्षि श्रीवास्तव ने फीता काटकर किया। इस दौरान जिला न्यायालय के विभिन्न न्यायाधीश, न्यायिक अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव सुनीत अग्रवाल ने रक्तदान के महत्व और इसके लाभों की जानकारी दी। उन्होंने रक्तदान से जुड़ी विभिन्न योजनाओं और जनकल्याणकारी पहलुओं के बारे में भी बताया।

शिविर में जिला विधिक सहायता अधिकारी मोहम्मद जीलानी, न्यायालयीन कर्मचारी, अधिवक्ता, जिला बार एसोसिएशन के पदाधिकारी सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। शिविर में कुल 31 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया।

आयोजकों के अनुसार शिविर का उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ लोगों को नियमित रक्तदान के प्रति जागरूक करना था। न्यायिक अधिकारियों और कर्मचारियों समेत उपस्थित लोगों ने इसमें उत्साहपूर्वक भाग लिया।

Exit mobile version