State

जबलपुर रेलवे स्टेशन का नाम राजा शंकर शाह-रघुनाथ शाह के नाम पर करने की मांग

जेडीयू प्रदेश अध्यक्ष सूरज जायसवाल ने कहा- महान आदिवासी स्वतंत्रता सेनानियों को मिले पूरा सम्मान

जबलपुर, 18 सितंबर। अमर शहीद राजा शंकर शाह और रघुनाथ शाह के बलिदान दिवस पर जनता दल (यू) मध्यप्रदेश की ओर से जबलपुर स्थित बलिदान स्थल पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सूरज जायसवाल ने बलिदान स्तंभ पर पुष्पांजलि अर्पित कर दोनों स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि दी।

इस अवसर पर जायसवाल ने कहा कि राजा शंकर शाह और उनके पुत्र रघुनाथ शाह का स्वतंत्रता संग्राम में योगदान और बलिदान महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि अंग्रेजी शासन ने दोनों सेनानियों को तोप के मुंह से बांधकर शहीद किया था। उनका बलिदान स्थल आज भी जबलपुर रेलवे परिसर में मौजूद है।

जायसवाल ने केंद्र और राज्य सरकार से मांग की कि जबलपुर रेलवे स्टेशन का नाम अमर शहीद राजा शंकर शाह-रघुनाथ शाह के नाम पर किया जाए। उन्होंने कहा कि इससे दोनों महान सेनानियों के बलिदान को सम्मान मिलेगा और उनकी ऐतिहासिक विरासत को पहचान मिलेगी।

उन्होंने कहा कि हबीबगंज रेलवे स्टेशन का नाम रानी कमलापति और झांसी रेलवे स्टेशन का नाम वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई के नाम पर किया गया है। इसी तरह जबलपुर रेलवे स्टेशन का नाम राजा शंकर शाह-रघुनाथ शाह के नाम पर करने की मांग पर भी सरकार को निर्णय लेना चाहिए।

एयरपोर्ट का नाम रानी दुर्गावती के नाम पर करने की मांग

जायसवाल ने कहा कि जनता दल (यू) लंबे समय से जबलपुर एयरपोर्ट का नाम महान वीरांगना रानी दुर्गावती के नाम पर और रेलवे स्टेशन का नाम राजा शंकर शाह-रघुनाथ शाह के नाम पर करने की मांग करता रहा है। उन्होंने कहा कि आदिवासी स्वतंत्रता सेनानियों को सम्मान दिलाने के लिए पार्टी आगे भी अपनी मांग उठाती रहेगी।

कार्यक्रम में पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने मांग के समर्थन में संकल्प लिया। इसके बाद बंदीगृह पहुंचकर राजा शंकर शाह और रघुनाथ शाह की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया।

इस अवसर पर जिला अध्यक्ष सुभाष जायसवाल, संतोष नेमा, इमाम खान, राम गिरीश वर्मा, सतीश उदय पाटील, संतोष यादव, भारत यदुवंशी, नितेश सिंह सहित पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related Articles