जनसंवाद से मिली सूचना, जुए के फड़ पर पुलिस की दबिश

24 आरोपी गिरफ्तार, 3.30 लाख रुपये नकद सहित 10 लाख से अधिक का सामान जब्त
भोपाल। शहर में अपराधों की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे जनसंवाद अभियान के दौरान मिली सूचना के आधार पर भोपाल पुलिस ने देर रात जुए के फड़ पर कार्रवाई की। पुलिस ने मौके से 24 आरोपियों को गिरफ्तार कर 3 लाख 30 हजार रुपये नकद, 22 मोबाइल फोन और छह दोपहिया वाहन जब्त किए हैं। जब्त सामान की कुल कीमत 10 लाख रुपये से अधिक बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, भोपाल पुलिस आयुक्त संजय कुमार के निर्देश पर पुलिस अधिकारी लगातार बस्तियों और मोहल्लों में पहुंचकर लोगों से संवाद कर रहे हैं। आपराधिक गतिविधियों की सूचना देने के लिए पुलिस ने मोबाइल नंबर भी जारी किया है। इसी जनसंवाद के दौरान बीती रात करीब ढाई बजे एसीपी कोतवाली संतोष पटेल को सूचना मिली कि पुराना कबाड़खाना क्षेत्र में महावीर के घर पर जुए का फड़ चल रहा है।
सूचना मिलने के बाद वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया और पुलिस कंट्रोल रूम, कोतवाली तथा श्यामला हिल्स थाने की संयुक्त टीम बनाई गई। टीम ने मुखबिर द्वारा बताए गए स्थान कायस्थपुरा में घेराबंदी कर जुआ खेल रहे 24 लोगों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से ताश के पत्ते, मोबाइल फोन, दोपहिया वाहन और नकदी बरामद हुई।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों में से 14 का पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड है। इनमें छह आरोपियों के खिलाफ तीन या उससे अधिक अपराध दर्ज हैं। कार्रवाई के दौरान पकड़ा गया मोहम्मद फरहान रायसेन जिले के देवरी क्षेत्र का 2500 रुपये का इनामी आरोपी बताया गया है। उसे आगे की कार्रवाई के लिए रायसेन पुलिस को सौंपा जाएगा।
कार्रवाई में कोतवाली से एएसआई राकेश गुर्जर, प्रधान आरक्षक कन्हैयालाल, श्यामला हिल्स से एएसआई आरएस कुश्तयार, हनुमानगंज से एएसआई मुश्ताक बख्श, प्रधान आरक्षक राम कृपाल मीना, आरक्षक पुष्पेंद्र मीना सहित कंट्रोल रूम के पुलिसकर्मी शामिल रहे।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत कार्रवाई की है। अधिकारियों का कहना है कि जनसंवाद के माध्यम से मिलने वाली सूचनाओं पर इसी तरह त्वरित कार्रवाई जारी रहेगी।





