जनविश्वास शिविर में समस्याओं का अंबार, सड़क-पानी और स्ट्रीट लाइट की शिकायतें

नारियलखेड़ा में लगे शिविर में पेंशन, आधार-वोटर आईडी और योजनाओं का लाभ नहीं मिलने के आवेदन भी आए

भोपाल। मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत शुक्रवार को नारियलखेड़ा दशहरा मैदान के पास स्थित सामुदायिक केंद्र वार्ड-12 में जनकल्याण शिविर लगाया गया। सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक चले शिविर में लोगों ने सड़क, पानी, सफाई और स्ट्रीट लाइट जैसी बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं। सांसद आलोक शर्मा, महापौर मालती राय, कलेक्टर प्रियंक मिश्रा और नगर निगम कमिश्नर संस्कृति जैन ने लोगों की शिकायतें सुनीं।

रहवासियों ने बताया कि बारिश के कारण कई सड़कें उखड़ गई हैं, जिससे आवागमन में परेशानी हो रही है। कई इलाकों में स्ट्रीट लाइट बंद होने, गंदगी और मटमैले पानी की शिकायतें भी सामने आईं। लोगों ने पेंशन नहीं मिलने, आधार कार्ड और वोटर आईडी नहीं बनने तथा पात्र होने के बावजूद सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिलने से संबंधित आवेदन भी दिए।

योजनाओं और स्थानीय समस्याओं के आवेदन

शिविर में देवीप्रसाद, कपिल, संदीप सहित कई रहवासियों ने योजनाओं का लाभ दिलाने और स्थानीय समस्याओं के निराकरण की मांग की। अधिकारियों ने आवेदनों की जानकारी लेकर उन्हें संबंधित विभागों को भेजने की प्रक्रिया शुरू की। कुछ शिकायतों में संबंधित अधिकारियों को निर्देश देकर मौके पर ही निराकरण कराया गया।

सांसद आलोक शर्मा ने अधिकारियों से कहा कि शिविर में मिले आवेदनों का गंभीरता से परीक्षण कर तय समय-सीमा में निराकरण किया जाए। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य पात्र लोगों को शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाना और उनकी जायज समस्याओं का समाधान करना है।

कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के माध्यम से नागरिकों को योजनाओं का लाभ सुगम और पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि कॉलोनियों की समस्याओं के व्यवस्थित निराकरण के लिए कलेक्ट्रेट में कॉलोनी सेल बनाया गया है। उन्होंने लोगों से अपनी कॉलोनियों में रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (आरडब्ल्यूए) बनाने की अपील भी की।

आंगनवाड़ी और वाटर टैंक का निरीक्षण

शिविर के बाद कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने नारियलखेड़ा स्थित आंगनवाड़ी केंद्र क्रमांक-216 का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्र की व्यवस्थाओं और बच्चों को मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली। इसके बाद निर्माणाधीन वाटर टैंक का निरीक्षण कर काम की प्रगति देखी और अधिकारियों को निर्माण कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।

Exit mobile version