State

जंगल में गांजे की अवैध खेती का खुलासा, 10.71 क्विंटल फसल जब्त

ड्रोन से सर्चिंग के बाद 75 पुलिसकर्मियों ने चार खेतों में की कार्रवाई, 6,185 पौधे मिले

भोपाल, 11 सितंबर। मध्यप्रदेश के बड़वानी जिले में पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए जंगल क्षेत्र में गांजे की अवैध खेती का खुलासा किया है। वरला थाना पुलिस ने ग्राम बोरपड़ावा के जंगलों में चार अलग-अलग खेतों से 6,185 गांजे के पौधे जब्त किए हैं। इनका कुल वजन करीब 10 क्विंटल 71 किलोग्राम बताया गया है। जब्त फसल की अनुमानित कीमत करीब 54 लाख रुपये है।

पुलिस को गांजे की अवैध खेती की सूचना मिली थी। इसके बाद टीम गठित कर बोरपड़ावा के जंगल क्षेत्र में सर्चिंग अभियान चलाया गया। कार्रवाई को गोपनीय रखते हुए पुलिस ने ड्रोन की मदद से भी क्षेत्र की निगरानी की। अभियान में जिला पुलिस लाइन बड़वानी और सेंधवा पुलिस अनुभाग के करीब 75 अधिकारी-कर्मचारी शामिल हुए।

सर्चिंग के दौरान चार अलग-अलग खेतों में गांजे की फसल मिली। पुलिस ने मौके पर पौधों को जब्त करने की कार्रवाई की। क्षेत्र वन भूमि से जुड़ा होने के कारण वन विभाग की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। वन विभाग ने खेतों की टोपोग्राफी के आधार पर संबंधित स्थानों को चिन्हित किया है।

पुलिस के अनुसार, अवैध खेती से जुड़े लोगों की पहचान की जा रही है। उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक बड़वानी पद्मविलोचन शुक्ल के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरज बब्बर और एसडीओपी सेंधवा अजय वाघमारे के नेतृत्व में की गई।

पुलिस ने कहा कि प्रदेश में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और सूचना तंत्र को मजबूत कर ऐसे मामलों में कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles