State

छात्रा की मांग पर एक माह में खुला पुस्तकालय, विधायक ने किया लोकार्पण

प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए ग्रामीण छात्रों को मिलेगी सुविधा

भोपाल। ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए पुस्तकालय की सुविधा मिल गई है। जनपद पंचायत फंदा के अंतर्गत ग्राम पंचायत कुराना में बने पुस्तकालय का 17 सितंबर को बेरसिया विधायक विष्णु खत्री ने फीता काटकर लोकार्पण किया।

बताया गया कि करीब एक माह पहले भोपाल कमिश्नर के साथ कलेक्टर प्रियांशु मिश्रा ने ग्राम पंचायत मुगलिया हाट का दौरा किया था। इस दौरान छात्रा खुशबू अहिरवार ने भावुक होकर कलेक्टर से ग्रामीण क्षेत्र में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए लाइब्रेरी की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की थी।

कलेक्टर ने छात्रा से पुस्तकालय खुलवाने का वादा किया था। प्रशासन ने एक माह के भीतर ग्राम पंचायत कुराना में पुस्तकालय की व्यवस्था कर दी। हालांकि लोकार्पण छात्रा खुशबू के हाथों होने के बजाय विधायक विष्णु खत्री ने किया।

विधायक खत्री ने कहा कि ग्रामीण विद्यार्थियों को पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना जरूरी है। पुस्तकालय शुरू होने से आसपास के विद्यार्थियों को पढ़ने के लिए स्थानीय स्तर पर सुविधा मिलेगी।

लोकार्पण कार्यक्रम में भाजपा नेता केदार सिंह मंडलोई, एसडीएम सोनकिया, जनपद सीईओ शिवानी मिश्रा, सरपंच गीता बाबूलाल मंडलोई, चंदूखेड़ी सरपंच जीवन सिंह मीना, एई माधुरी पटेल, पंचायत सचिव कुबेर सिंह साहू, ओमप्रकाश शर्मा सहित शिक्षा विभाग, जनपद के अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Related Articles