CCTV, तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर तंत्र से कई वारदातों का खुलासा, अलग-अलग जिलों में आरोपी गिरफ्तार
भोपाल, 11 सितंबर। मध्यप्रदेश पुलिस ने चोरी, नकबजनी और अन्य अपराधों के खिलाफ पिछले दस दिनों में प्रदेशभर में कार्रवाई करते हुए 1 करोड़ 89 लाख रुपये से अधिक की चोरी की संपत्ति जब्त की है। पुलिस ने CCTV फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिरों की सूचना और त्वरित कार्रवाई के आधार पर कई मामलों का खुलासा किया।
इंदौर में 48 लाख की संपत्ति जब्त
राऊ पुलिस ने लिफ्ट से चोरी हुए 8 लाख रुपये बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार किया। सराफा पुलिस ने डिलीवरी पार्सल से चोरी हुए 273 ग्राम सोने के मामले में कार्रवाई करते हुए करीब 40 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त की। दोनों मामलों में करीब 48 लाख रुपये की संपत्ति बरामद हुई।
खरगोन में ट्रांसफार्मर ऑयल गिरोह पकड़ा
खरगोन पुलिस ने ट्रांसफार्मरों से ऑयल चोरी करने वाले अंतरजिला गिरोह के चार आरोपियों को गिरफ्तार कर 1860 लीटर ऑयल और तीन वाहन समेत करीब 22.09 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की। इसके अलावा मोटरसाइकिल, मोबाइल, आभूषण और नकदी चोरी के मामले में 2.35 लाख रुपये, ड्रिप लाइन चोरी में 4.90 लाख रुपये और टोकसर मंदिर चोरी में करीब 80 हजार रुपये की संपत्ति बरामद की गई।
मंदसौर में अंतरराज्यीय गैंग का खुलासा
मंदसौर पुलिस ने पांच राज्यों में 17 स्थानों पर नकबजनी करने वाली गैंग को पकड़ा और करीब 20 लाख रुपये की संपत्ति बरामद की। गरोठ पुलिस ने गैस कटर से ATM काटने वाले गिरोह के तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर 6 लाख रुपये नकद, कार, गैस कटर, सिलेंडर और ATM पार्ट्स जब्त किए।
अन्य जिलों में भी बड़ी कार्रवाई
सिंगरौली में 10 टन चोरी का लोहा और ट्रक समेत 23.50 लाख रुपये, अनूपपुर में 49 डीआई पाइप और ट्रक समेत 23.50 लाख रुपये तथा मुरैना में 90 घरेलू LPG सिलेंडर और लोडिंग वाहन समेत 14 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई।
देवास में सूने मकानों में नकबजनी करने वाले गिरोह से करीब 11 लाख रुपये की संपत्ति बरामद हुई। CCTV के आधार पर किसान के ट्रैक्टर से चोरी हुए 34,500 रुपये भी सात घंटे में बरामद कर लिए गए। विदिशा, शाजापुर, बड़वानी, छतरपुर और ग्वालियर में भी चोरी के मामलों में कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
