गली-मोहल्लों में पहुंचीं निगम आयुक्त, नागरिकों से जानी समस्याएं

न विश्वास अभियान में छह वार्डों में लगे शिविर, अधिकारियों को मौके पर शिकायतों के त्वरित निराकरण के निर्देश

भोपाल, 11 सितंबर 2026। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत शुक्रवार को नगर निगम ने शहर के छह वार्डों में शिविर लगाए। निगम आयुक्त संस्कृति जैन ने ईदगाह हिल्स क्षेत्र में विभिन्न स्थानों का निरीक्षण करने के साथ रहवासियों से सीधे संवाद किया। उन्होंने नागरिकों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को उनका जल्द निराकरण करने के निर्देश दिए।

अभियान के तहत वार्ड क्रमांक 11, 19, 27, 38, 55 और 80 में शिविर आयोजित किए गए। निगम के सभी अपर आयुक्तों ने भी अपने-अपने क्षेत्रों में शिविरों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने गली-मोहल्लों में पहुंचकर नागरिकों और हितग्राहियों से चर्चा की तथा शासन की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक जल्द पहुंचाने के निर्देश दिए।

कचरा परिवहन और पानी की व्यवस्था सुधारने के निर्देश

निगम आयुक्त संस्कृति जैन ने ईदगाह हिल्स स्थित गार्बेज ट्रांसफर स्टेशन का निरीक्षण किया। उन्होंने कचरा परिवहन की व्यवस्था देखी और निर्धारित क्षमता के अनुसार वाहनों में कचरा भरकर ले जाने के निर्देश दिए। ईदगाह फिल्टर प्लांट के निरीक्षण के दौरान उन्होंने सोलर प्लांट शुरू करने और सीवेज लाइन का काम जल्द पूरा करने को कहा।

वाजपेयी नगर मल्टी स्टोरी बिल्डिंग में रहवासियों ने पेयजल और सफाई की समस्याएं बताईं। इस पर आयुक्त ने पर्याप्त शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने, शाम के समय सफाई और कचरा संग्रहण कराने के साथ पर्याप्त संख्या में कचरा वाहन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

पेंशन, ई-केवाईसी और संपत्तिकर की शिकायतों पर जोर

अपर आयुक्त अक्षय कुमार तेम्रवाल ने वार्ड 27 के शिविर का निरीक्षण किया। यहां समग्र ई-केवाईसी, वृद्धावस्था और विधवा पेंशन तथा संपत्तिकर से जुड़ी शिकायतों को मौके पर ही हल करने के निर्देश दिए। उन्होंने लंबित नामांतरण और एनओसी प्रकरणों का भी जल्द निराकरण करने को कहा।

अपर आयुक्त अंजू अरुण कुमार ने वार्ड 23 में राजस्व वसूली और कर्मचारियों की उपस्थिति की समीक्षा की। बिना सूचना अनुपस्थित कर्मचारी का वेतन काटने और कम राजस्व वसूली पर वार्ड प्रभारी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने रैन बसेरा और दीनदयाल रसोई का भी निरीक्षण किया।

स्कूल, स्वास्थ्य केंद्र और सफाई व्यवस्था भी जांची

अपर आयुक्त वरुण अवस्थी ने वार्ड 38 के सेमरा क्षेत्र में शिविर का निरीक्षण किया। उन्होंने जन आरोग्य संजीवनी क्लीनिक और शासकीय नवीन उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का जायजा लिया। स्कूल में टॉयलेट ब्लॉक निर्माण के लिए एस्टीमेट तैयार करने के निर्देश दिए। नालियों की सफाई में कमी मिलने पर संबंधित कर्मचारियों को नियमित सफाई और लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी दी।

अपर आयुक्त अमन मिश्रा ने वार्ड 19 में जनशिकायतों की समीक्षा की और क्षेत्र में पैदल भ्रमण कर दुकानदारों व रहवासियों से बातचीत की। उन्होंने अवैध रूप से खड़े वाहनों पर चालानी कार्रवाई और दुकानदारों को गीले-सूखे कचरे के लिए अलग-अलग डस्टबिन रखने की समझाइश देने के निर्देश दिए।

अपर आयुक्त अभिषेक सिंह ने वार्ड 80 के शिविर के साथ दामखेड़ा, बी-सेक्टर, ओम नगर, अकबरपुर और बांसखेड़ी के सरकारी स्कूलों का निरीक्षण किया। उन्होंने स्कूलों में मरम्मत, पेंटिंग, सफाई, शौचालय, पेयजल और सीवेज की व्यवस्थाएं सुधारने के निर्देश दिए। कोलार रोड की आशीर्वाद कॉलोनी में रहवासियों से संवाद कर उनकी समस्याओं के जल्द निराकरण के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया गया।

Exit mobile version