State

गंदगी और सिंगल यूज प्लास्टिक पर निगम की सख्ती, 64 मामलों में 90 हजार जुर्माना

वाइन शॉप के आसपास गंदगी मिलने पर कार्रवाई, सुभाष नगर में अवैध अहाता हटाया

भोपाल, 11 सितंबर । शहर में स्वच्छता और पर्यावरण नियमों का पालन कराने के लिए नगर निगम ने विभिन्न क्षेत्रों में कार्रवाई की। स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने वाइन शॉप और आसपास के इलाकों का निरीक्षण किया। गंदगी, सिंगल यूज प्लास्टिक और पॉलीथिन का इस्तेमाल मिलने पर संबंधित संचालकों के खिलाफ स्पॉट फाइन की कार्रवाई की गई। निगम ने कुल 64 प्रकरणों में 90 हजार रुपये का जुर्माना वसूला।

निगम आयुक्त संस्कृति जैन के निर्देश पर गुरुवार-शुक्रवार की दरम्यानी रात जोन-2 की टीम ने पीरगेट और इमामी गेट क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था का निरीक्षण किया। यहां निर्धारित मानकों का पालन नहीं मिलने पर पांच मामलों में 12 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।

वाइन शॉप के आसपास मिली गंदगी

जोन-1 और 20 की टीम ने संयुक्त रूप से वाइन शॉप का निरीक्षण किया। दुकानों के आसपास गंदगी और सिंगल यूज प्लास्टिक मिलने पर पांच मामलों में 25 हजार रुपये की स्पॉट फाइन की गई।

इसी तरह जोन-13 की टीम ने वार्ड 52 और 54 में वाइन शॉप सहित अन्य दुकानों का निरीक्षण किया। यहां गंदगी और सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल मिलने पर 10 मामलों में 30 हजार 600 रुपये का जुर्माना वसूला गया।

सुभाष नगर में अवैध अहाता हटाया

जोन-9, 11, 12 और 17 की स्वास्थ्य टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए जोन-12 के वार्ड 44 स्थित सुभाष नगर में वाइन शॉप और आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण किया। यहां गंदगी और सिंगल यूज प्लास्टिक के साथ अवैध रूप से अतिक्रमण कर अहाता संचालित किया जाना पाया गया। निगम अमले ने अतिक्रमण हटाया और 44 मामलों में 22 हजार 400 रुपये का स्पॉट फाइन वसूला। कार्रवाई के दौरान पुलिस बल भी मौजूद रहा।

निगम अधिकारियों ने कहा कि शहर में स्वच्छता, कचरा प्रबंधन और पर्यावरण नियमों का पालन नहीं करने वालों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Related Articles