अशोका गार्डन में कार्टून में मिली दवाओं के कागजों से किरायेदार का पता लगाया
भोपाल, 10 सितंबर। अशोका गार्डन क्षेत्र में एक्सपायर डेट की दवाएं और सीरप खुले में छोड़ना एक किरायेदार को महंगा पड़ गया। नगर निगम अमले ने संबंधित व्यक्ति का पता लगाकर उससे 5 हजार रुपये का स्पॉट फाइन वसूला।
जानकारी के अनुसार, मकान खाली करने के बाद किरायेदार ने एक्सपायर दवाएं और सीरप कार्टून में भरकर खुले में छोड़ दिए थे। निगम के कचरा वाहन चालक ने कार्टून को राजेंद्र नगर गार्बेज ट्रांसफर स्टेशन पहुंचाया। वहां इसकी सूचना ट्रांसफर स्टेशन प्रभारी दिलीप और जोन-9 के सहायक स्वास्थ्य अधिकारी बलवीर मलिक को दी गई।
निगम अधिकारियों ने कार्टून में मिले कागजात के आधार पर संबंधित किरायेदार का पता लगाया। इसके बाद उससे 5 हजार रुपये जुर्माना वसूला गया। निगम अधिकारियों ने उसे समझाइश देते हुए कहा कि एक्सपायर दवाएं और अन्य हानिकारक या बायोमेडिकल कचरा खुले में नहीं फेंकना चाहिए। ऐसे कचरे का निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार ही सुरक्षित निपटान किया जाना चाहिए।
निगम आयुक्त संस्कृति जैन के निर्देश पर शहर में कचरा प्रबंधन और सफाई व्यवस्था के उल्लंघन पर कार्रवाई जारी है।
