इस वर्ष कटरा स्थित माता वैष्णोदेवी के दरबार की तर्ज पर सजेगी झांकी, 10 अक्टूबर को होगा भव्य आगमन
भोपाल। कोलार क्षेत्र में नवरात्रि के दौरान लगातार 16वें वर्ष माता वैष्णोदेवी की भव्य झांकी स्थापित की जाएगी। इसकी तैयारियों को लेकर मां वैष्णोदेवी उत्सव एवं जनकल्याण समिति की बैठक रविवार को कल्पना चावला गार्डन, बी सेक्टर सर्वधर्म कॉलोनी में हुई। समिति अध्यक्ष राहुल सिंह राठौड़ ने बताया कि 20 सितंबर को कल्पना चावला गार्डन में झांकी स्थापना का भूमिपूजन किया जाएगा। इसके बाद झांकी का निर्माण कार्य शुरू होगा।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष झांकी को कटरा स्थित माता वैष्णोदेवी के दरबार की तर्ज पर तैयार किया जा रहा है। इसमें माता वैष्णोदेवी की तीन पिंडियों के साथ त्रिकूट पर्वत की गुफा और स्वर्ण मंदिर के दर्शन भी श्रद्धालुओं को होंगे। झांकी में महाकाली, महालक्ष्मी और महासरस्वती की प्रतिमाएं भी विराजित की जाएंगी।
10 अक्टूबर को होगा भव्य आगमन
समिति के अनुसार माता वैष्णोदेवी की प्रतिमा का भव्य आगमन कार्यक्रम 10 अक्टूबर की शाम विशाल मेगा मार्ट के सामने आयोजित किया जाएगा। समिति का दावा है कि यह कोलार में अब तक के बड़े आगमन कार्यक्रमों में शामिल होगा।
बैठक में भारत जोड़ो यात्री मुकेश शाह, युवा नेता मोनू अहिरवार, समाजसेवी मुकेश नवले, नवल किशोर सोनी, राधेश्याम पटेल, विष्णुकांत सराठे, हर्ष रजक, पराग नागर, मंडलम अध्यक्ष रमेश कटारिया, भजन गायक अशोक राठौर, मयंक सराठे सहित समिति के सदस्य और क्षेत्रीय रहवासी मौजूद रहे।
