State

कृष्ण भक्ति में झूमे कदम, डीएन डांस क्लासेस की छात्राओं ने बांधा समां

बारिश की फुहारों के बीच बिरला मंदिर में दी शानदार प्रस्तुति, तालियों और जयघोष से गूंजा परिसर

भोपाल। जन्माष्टमी के अवसर पर राजधानी के बिरला मंदिर परिसर में भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव का आयोजन भक्ति, संगीत और भारतीय संस्कृति के रंगों से सराबोर रहा। इस दौरान डीएन डांस क्लासेस की डायरेक्टर दीपिका नायर के नेतृत्व में छात्राओं ने बारिश की फुहारों के बीच मनमोहक नृत्य प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।

श्रीकृष्ण भक्ति से जुड़े संगीत पर छात्राओं ने भावपूर्ण मुद्राओं और आकर्षक नृत्य के जरिए भक्ति और भारतीय संस्कृति का सुंदर संगम प्रस्तुत किया। बारिश के बावजूद कलाकारों के उत्साह और ऊर्जा में कोई कमी नहीं आई। प्रस्तुति के दौरान मंदिर परिसर तालियों की गड़गड़ाहट और ‘राधे कृष्ण-राधे कृष्ण’ के जयघोष से गूंज उठा।

दीपिका नायर के साथ डीएन डांस क्लासेस की छात्राओं आभा कडु, संस्कृति कडु, तेजस्मिता, कृतिका त्रिपाठी, अनन्या, वेदांगी और पीहू ने प्रस्तुति दी। छात्राओं के नृत्य और भावभंगिमाओं को देखकर श्रद्धालुओं ने जमकर तालियां बजाकर उनका उत्साहवर्धन किया।

दीपिका नायर विश्व रिकॉर्ड धारक और राष्ट्रीय स्तर की विजेता रही हैं। वे गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड कथक कुंभ, खजुराहो में भी प्रतिभागी रह चुकी हैं। उनके मार्गदर्शन में छात्राओं ने जन्माष्टमी समारोह में अपनी कला और प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

बारिश की फुहारों के बीच हुई इस सांस्कृतिक प्रस्तुति ने जन्माष्टमी समारोह को खास बना दिया। भक्ति, संगीत और नृत्य से सजी यह शाम श्रद्धालुओं के लिए यादगार रही।

Related Articles