कलियासोत डूब क्षेत्र और खुशीलाल अस्पताल के पीछे जारी अनुमतियां निरस्त करने की मांग

गलत पते पर पेड़ कटाई की अनुमति देने का आरोप, जांच की मांग

चंदनपुरा के बाघ भ्रमण क्षेत्र में टावर निर्माण का मामला आया सामने,

भोपाल। कलियासोत बांध के डूब क्षेत्र, खुशीलाल अस्पताल के पीछे और चंदनपुरा के बाघ भ्रमण क्षेत्र में पेड़ों की कटाई और टावर निर्माण को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। शिकायतकर्ता राशिद नूर खान ने आरोप लगाया है कि नगर निगम के उद्यान विभाग ने मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी को पेड़ काटने की अनुमति गलत पते के आधार पर जारी की है। उन्होंने कलेक्टर और नगर निगम आयुक्त को शिकायत देकर इन अनुमतियों को तत्काल निरस्त करने तथा निर्माण कार्य और पेड़ों की कटाई पर रोक लगाने की मांग की है।

शिकायत के अनुसार, 30 अक्टूबर को राशिद नूर खान चंदनपुरा के 13 शटर स्थित बाघ भ्रमण क्षेत्र पहुंचे। यहां टावर निर्माण का काम चलता मिला। मौके पर मौजूद इंजीनियर से अनुमति पत्र मांगा गया तो उसमें कार्यस्थल का पता चंदनपुरा के बजाय खुशीलाल अस्पताल के पीछे और कलियासोत बांध के डूब क्षेत्र का दर्ज था। शिकायतकर्ता का कहना है कि यह क्षेत्र सघन वन क्षेत्र और बाघों की आवाजाही के लिहाज से संवेदनशील है। वन विभाग पहले भी यहां चल रहे काम और पेड़ों की कटाई पर रोक लगा चुका है।

शिकायत में आशंका जताई गई है कि गलत पते की आड़ में वन क्षेत्र में पेड़ों की कटाई की जा रही है। इससे वन्यजीवों के प्राकृतिक आवास और जल स्रोतों को नुकसान पहुंच सकता है।

राशिद नूर खान ने पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने, संबंधित अनुमतियां रद्द करने और मामले को केंद्रीय अधिकार प्राप्त समिति (CEC) के सामने रखने की मांग की है।

Exit mobile version