State

करीब 60 कॉलोनियों वाले वार्ड 60 में सडक़, नाली, पार्क और अतिक्रमण की समस्याएं बरकरार

वार्ड 60 परिक्रमा
आदर्श वार्ड में कहीं साफ सडक़ें तो कहीं पैदल चलना भी मुश्किल

भोपाल, 13 सितंबर. नगर निगम के वार्ड क्रमांक 60 के अवधपुरी क्षेत्र को स्वच्छता और अन्य व्यवस्थाओं के लिहाज से आदर्श वार्ड घोषित किया गया है, लेकिन जमीनी स्थिति इससे अलग नजर आती है. वार्ड में अवधपुरी, ऋषिपुरम फेस-1 व फेस-2, प्रगति नगर, आस्था विहार, सौम्य पार्क लैंड, रीगल टाउन, सरला एलीट, कुंदन नगर, प्रेम नगर, कंचन नगर सहित करीब 60 कॉलोनियां हैं. इनमें कुछ कॉलोनियों में सफाई व्यवस्था बेहतर है, जबकि कई जगह स्थिति खराब है.कुंदन नगर, प्रेम नगर, सौम्य स्टेट और रीगल टाउन सहित कई कॉलोनियों में सडक़ों पर गड्ढे, खुदी हुई सडक़ें और जगह-जगह कचरे के ढेर लोगों के लिए परेशानी का कारण बने हुए हैं. घरों से कचरा उठाने की व्यवस्था जरूर है, लेकिन सडक़ और सार्वजनिक स्थानों की नियमित सफाई पर सवाल उठ रहे हैं. बारिश के दौरान जलभराव की आशंका भी बनी रहती है. वार्ड की कई कॉलोनियों में नालियों का निर्माण नहीं हुआ है. प्रेम नगर और कुंदन नगर में बारिश के दौरान सडक़ और आसपास के क्षेत्रों में पानी भरने की समस्या सामने आती है. कई जगह नालियों की सफाई नहीं होने से भी जल निकासी प्रभावित होने की आशंका है. पार्कों को भी विकास और रखरखाव की जरूरत है.
-सडक़ खुदाई और अतिक्रमण से बढ़ी परेशानी
अवधपुरी क्षेत्र में कई स्थानों पर सडक़ किनारे अतिक्रमण और सडक़ों की खुदाई से आवागमन प्रभावित हो रहा है. महिलाओं, बुजुर्गों और स्कूली बच्चों को परेशानी का सामना करना पड़ता है. स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले वर्षों में शिकायतों के बाद सांकेतिक कार्रवाई तो हुई, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका. बारिश के मौसम में सडक़ें और रोड के दोनों ओर अतिक्रमण परेशानी को और बढ़ा देते हैं. लोगों ने नगर निगम और प्रशासन से सडक़ खुदाई व्यवस्थित कराने, अतिक्रमण हटाने, नालियों का निर्माण और सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है.
-रीगल टाउन के बाहर गंदगी
रीगल टाउन को क्षेत्र की बेहतर कॉलोनियों में गिना जाता है, लेकिन इसके मुख्य गेट के बाहर गंदगी का अंबार दिखाई देता है. सडक़ की जगह-जगह खुदाई और अतिक्रमण के कारण लोगों को आने-जाने में परेशानी होती है. स्थानीय लोगों का कहना है कि कॉलोनी के अंदर व्यवस्था अपेक्षाकृत बेहतर है, लेकिन मुख्य सडक़ और प्रवेश मार्ग की स्थिति सुधारने की जरूरत है.
-जर्जर रास्ते से रोजाना खतरा
सरला एलीट और सरला स्टेट कॉलोनी में आने-जाने का रास्ता जर्जर है. सडक़ पर अतिक्रमण के साथ जगह-जगह खराब मार्ग लोगों की परेशानी बढ़ा रहा है. स्थानीय लोगों के अनुसार यहां आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं. ऐसे में सवाल उठता है कि जब क्षेत्र को आदर्श वार्ड घोषित किया गया है तो बुनियादी सुविधाओं की यह स्थिति क्यों बनी हुई है. लोगों ने स्थायी कार्रवाई की मांग की है.

-सडक़े और स्ट्रीट लाईट सहित करोड़ों के कराये विकास काय

वार्ड 60 में विकास कार्य तेजी से किए जा रहे हैं पिछले 4 सालों में अब तक करीब 70 से 80 नई सडक़ों का निर्माण कराया गया है. आजाद नगर, जय हिंद नगर, प्रगति नगर, ऋषिपुरम, सूरज कुंज, अविनाश नगर, संयुक्त विहार, कंचन नगर, दीप नगर, सौम्य स्टेट, कृष्णा नगर, साईं गार्डन सहित कई क्षेत्रों में सडक़ और अन्य विकास कार्य हुए हैं. कंचन नगर से पूर्वांचल तक सडक़ चौड़ीकरण, स्ट्रीट लाइट, न्यू फोर्ट शिव मंदिर से महात्मा गांधी चौराहे तक सडक़ तथा पिरामिड टाउन तक सडक़ निर्माण जैसे काम किए गए हैं. बीडीए कॉलोनी में भी जनसुविधाओं के कार्य जारी हैं. छठ घाट, छठ कुंड और पार्क निर्माण के साथ नाली निर्माण के कार्य प्रस्तावित हैं. वार्ड को स्वच्छ वायु सर्वेक्षण 2026 में राष्ट्रीय पुरस्कार और 40 लाख रुपए की राशि भी मिली है
बी शक्ति राव, बीजेपी पार्षद वार्ड 60
-सडक़ें खुदी पड़ी हैं स्ट्रीट लाईट नहीं होने सडक़ों पर अंधेरा

वार्ड 60 में मूलभूत सुविधाओं को लेकर लोग परेशान हैं. इडन गार्डन और आसपास की कॉलोनियों में नर्मदा जल की लाइन बिछने के बावजूद कनेक्शन शुरू करने के लिए प्रति घर 15 हजार रुपए मांगे जाने की बात सामने आ रही है. जल जीवन की मूलभूत आवश्यकता है, फिर भी अमृत योजना का लाभ लोगों को पूरी तरह नहीं मिल पा रहा है. विद्यासागर कॉलेज से मल्होत्रा कॉलेज तक कुछ महीने पहले बनी सडक़ पर जगह-जगह गड्ढे हो गए हैं. स्ट्रीट लाइटें भी नियमित नहीं जलतीं. सडक़ संकरी होने से आवागमन में परेशानी होती है, जबकि अमरावत खुर्द में सडक़ की स्थिति और खराब है.बीडीए कॉलोनी में सीवेज और पानी की गंभीर समस्या है. गर्मी में लोग चंदा करके टैंकर बुलाते हैं. स्थानीय लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में अपराध, जुआ और अवैध शराब का कारोबार बढ़ रहा है और राजनीतिक संरक्षण दिया जा रहा है.बीपीएल कार्ड बनवाने में भी पैसे मांगने की शिकायतें हैं.
महेन्द्र विश्वकर्मा, वार्ड 60 कांग्रेस नेता

-रहवासियों ने बताई समस्याएं

कॉलोनी में निगम ने कभी सफाई नहीं की. कालोनी वाले निजी कर्मचारी से सफाई करवाते हैं. कचरा वाहन प्रतिदिन आता है. कालोनी के बाहर सडक़ के किनारे कचरे ढेर महिनों पड़ा रहता है.
नरेश पटेल, सरला स्टेट अवधपुरी,

यहां पर कभी सफाई नहीं होती है. सडक़ें खुदी पड़ी हैं. बारिश से सडक़ पर पानी भर जाता है.
सनी पासवान, प्रेम नगर

हमारे यहां पर तो सफाई भी होती है. कचरा वाहन भी समय पर आता है. सडक़ें बढिय़ा बनी हुई हैं. कोई परेशानी नहीं है.
राम बाबू मिश्रा, आस्था विहार

हमारी कॉलोनी में प्रतिदिन समय पर सफाई होती है. सडक़ें भी ठीक है. पानी भी समय पर आता है और स्ट्रीट लाइट भी लगी हुई हैं.
एड. महेंद्र, वर्मा, मेगनम केम्पस

कालोनी में सफाई होती है. कचरा वाहन भी आता है. नाली की सफाई भी समय पर होती है.
मोहन गौर, सौम्या स्टेट,

मुख्य गेट के बाहर गंदगी का अंबार दिखाई देता है. सडक़ की जगह-जगह खुदाई और अतिक्रमण के कारण लोगों को आने-जाने में परेशानी होती है.
ऋषिकांत कटारे, रीगल टाउन सोसाइटी

कॉलोनी में आने-जाने का रास्ता जर्जर है. सडक़ पर अतिक्रमण के साथ जगह-जगह खराब मार्ग लोगों की परेशानी बढ़ा रहा है.
अशोक वर्मा, सरला एलीट सोसायटी

कई स्थानों पर सडक़ किनारे अतिक्रमण और सडक़ों की खुदाई से आवागमन प्रभावित हो रहा है. महिलाओं, बुजुर्गों और स्कूली बच्चों को परेशानी का सामना करना पड़ता है.
कमलेश सिंह राजपूत रीगल टाउन सोसाइटी
अवधपुरी

Related Articles