State

ऑपरेशन ग्रीन स्ट्राइक में 27 क्विंटल से अधिक गांजे की फसल जब्त

ड्रोन और पैदल सर्चिंग से पांच खेतों का पता चला, 26 हजार से अधिक पौधे बरामद

भोपाल, 14 सितंबर। अवैध मादक पदार्थों की खेती और तस्करी के खिलाफ बड़वानी पुलिस ने ऑपरेशन ग्रीन स्ट्राइक के तहत बड़ी कार्रवाई की है। थाना वरला क्षेत्र के दुर्गम पहाड़ी और जंगल इलाकों में चलाए गए अभियान के दौरान पुलिस ने 26 हजार से अधिक गांजे के पौधे जब्त किए। इनका कुल वजन 27 क्विंटल से अधिक बताया गया है। पुलिस के अनुसार जब्त फसल की अनुमानित कीमत 1 करोड़ 15 लाख रुपए से अधिक है।

कार्रवाई बड़वानी, खरगोन और खंडवा जिले के 400 से अधिक पुलिसकर्मियों की 12 टीमों ने संयुक्त रूप से की। टीमों ने वरला थाना क्षेत्र के 19 गांवों में एक साथ सघन सर्चिंग अभियान चलाया। दुर्गम इलाकों में अवैध खेती का पता लगाने के लिए ड्रोन की मदद ली गई। इसके अलावा पुलिसकर्मी पैदल जंगल और पहाड़ी क्षेत्रों में पहुंचे और संदिग्ध स्थानों की तलाशी ली।

पांच खेतों में मिली अवैध खेती

सर्चिंग के दौरान ग्राम डोकलियापानी, धवलियागीर, बागदरी, टाकियापानी और आड़नदी के दूरस्थ पहाड़ी एवं जंगल क्षेत्रों में गांजे की अवैध खेती वाले पांच खेत मिले। यहां से 26 हजार से अधिक पौधे जब्त किए गए। पुलिस के मुताबिक ये खेत वन भूमि पर स्थित पाए गए हैं।

पुलिस ने बताया कि इन खेतों से संबंधित पट्टाधारियों और कब्जाधारियों की जानकारी वन विभाग से जुटाई जा रही है। जानकारी मिलने के बाद संबंधित लोगों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

तीन जिलों की पुलिस ने मिलकर चलाया अभियान

अभियान पुलिस महानिरीक्षक ग्रामीण जोन इंदौर, पुलिस उप महानिरीक्षक निमाड़ रेंज खरगोन और पुलिस अधीक्षक बड़वानी के निर्देशन में चलाया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और अनुविभागीय अधिकारी पुलिस सेंधवा के नेतृत्व में तीन जिलों की पुलिस टीमों ने कार्रवाई को अंजाम दिया।

पुलिस के अनुसार अवैध मादक पदार्थों की खेती और तस्करी के नेटवर्क के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। वन एवं दुर्गम क्षेत्रों में ड्रोन और आधुनिक तकनीक के साथ विभिन्न जिलों के पुलिस बल के समन्वय से संदिग्ध गतिविधियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles