State

एम्स भोपाल में पीजी छात्रों के लिए तीन दिवसीय रिफ्रेशर कोर्स आयोजित

परीक्षा की तैयारी के साथ क्लीनिकल दृष्टिकोण पर दिया गया जोर

भोपाल। एम्स भोपाल के जनरल मेडिसिन विभाग की ओर से स्नातकोत्तर (पीजी) छात्रों के लिए तीन दिवसीय पीजी रिफ्रेशर कोर्स आयोजित किया गया। इसमें विभिन्न विभागों के संकाय सदस्यों ने परीक्षा की दृष्टि से महत्वपूर्ण विषयों पर शैक्षणिक सत्र लिए।

कार्यक्रम की शुरुआत जनरल मेडिसिन विभाग की विभागाध्यक्ष प्रोफेसर डॉ. सीमा पी. महंत ने की। उन्होंने प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए क्लीनिकल दृष्टिकोण और परीक्षा केंद्रित अध्ययन पद्धति के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने छात्रों को पढ़ाई के दौरान उन क्षेत्रों पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी, जहां सुधार की आवश्यकता है।

अगले तीन दिनों तक निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार विभिन्न विषयों पर विशेषज्ञ सत्र आयोजित किए गए। इनमें छात्रों ने सक्रिय रूप से भाग लिया और विषयों से संबंधित जानकारी एवं अपनी शंकाओं पर चर्चा की।

आयोजकों के अनुसार इस तरह के रिफ्रेशर कोर्स का उद्देश्य पीजी छात्रों को परीक्षा के लिए व्यवस्थित तरीके से तैयार करने के साथ उनके क्लीनिकल ज्ञान को मजबूत करना है। ऐसे शैक्षणिक कार्यक्रम भावी चिकित्सकों की तैयारी में मददगार होते हैं, जिसका लाभ आगे मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के रूप में मिल सकता है।

Related Articles