एम्स भोपाल के विद्यार्थियों ने जीता राज्य स्तरीय पैथोलॉजी प्रश्नोत्तरी का खिताब

नयन पांडे और मानव खत्री की टीम रही विजेता, अब क्षेत्रीय चरण में लेगी हिस्सा

भोपाल, 14 सितंबर। एम्स भोपाल के विद्यार्थियों ने चिकित्सा ज्ञान के क्षेत्र में शानदार प्रदर्शन करते हुए मध्य प्रदेश राज्य स्तरीय आईएपीएम राष्ट्रीय पैथोलॉजी प्रश्नोत्तरी में प्रथम स्थान हासिल किया है। 11 सितंबर को आयोजित राज्य स्तरीय अंतिम चरण में एम्स भोपाल के वर्ष 2024 एमबीबीएस बैच के छात्र नयन पांडे और मानव खत्री की टीम विजेता रही।

प्रतियोगिता के प्रारंभिक राज्य जोनल चरण में मध्य प्रदेश के विभिन्न चिकित्सा महाविद्यालयों की 21 टीमों ने हिस्सा लिया था। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बाद पांच टीमों का चयन राज्य स्तरीय अंतिम चरण के लिए किया गया। अंतिम चरण में नयन पांडे और मानव खत्री ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान हासिल किया।

इस जीत के साथ दोनों विद्यार्थी अब प्रतियोगिता के क्षेत्रीय चरण में मध्य प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे। क्षेत्रीय चरण में बेहतर प्रदर्शन करने वाली टीमों को राष्ट्रीय स्तर के अंतिम चरण में पहुंचने का अवसर मिलेगा। यह उपलब्धि विद्यार्थियों की पैथोलॉजी विषय की समझ, तैयारी और चिकित्सा ज्ञान को दर्शाती है।

एम्स भोपाल के कार्यपालक निदेशक लेफ्टिनेंट जनरल (डॉ.) नरेंद्र कोतवाल ने विजेता विद्यार्थियों की उपलब्धि की सराहना करते हुए उन्हें आगामी चरणों के लिए शुभकामनाएं दीं। पैथोलॉजी एवं प्रयोगशाला चिकित्सा विभाग की विभागाध्यक्ष प्रो. वैशाली वाल्के ने भी नयन पांडे और मानव खत्री को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Exit mobile version