एम्स भोपाल के डॉ. अभिषेक सिंघई को ‘रिसर्चर ऑफ द ईयर’ अवार्ड

डायबिटीज और फैटी लिवर पर शोध के लिए एसीपी इंडिया चैप्टर ने किया सम्मानित

भोपाल। एम्स भोपाल के सामान्य चिकित्सा विभाग के एडिशनल प्रोफेसर डॉ. अभिषेक सिंघई को अमेरिकन कॉलेज ऑफ फिजिशियन्स (ACP) इंडिया चैप्टर की ओर से ‘रिसर्चर ऑफ द ईयर अवार्ड’ से सम्मानित किया गया है। इंदौर में आयोजित समारोह में उन्हें यह पुरस्कार प्रदान किया गया।

डॉ. सिंघई को यह सम्मान डायबिटीज और फैटी लिवर रोग के क्षेत्र में उनके शोध एवं योगदान के लिए दिया गया। दोनों बीमारियां बड़ी संख्या में लोगों को प्रभावित कर रही हैं। ऐसे में इनसे जुड़े शोध से बीमारी की बेहतर पहचान, रोकथाम और उपचार के नए विकल्प विकसित करने में मदद मिल सकती है।

एम्स भोपाल के कार्यपालक निदेशक लेफ्टिनेंट जनरल (डॉ.) नरेंद्र कोतवाल (सेवानिवृत्त) ने डॉ. सिंघई को बधाई देते हुए कहा कि एसीपी इंडिया चैप्टर की ओर से मिला यह सम्मान संस्थान में किए जा रहे शोध कार्यों को प्रोत्साहित करता है।

उन्होंने कहा कि चिकित्सा शिक्षा के साथ शोध को बढ़ावा देना संस्थान की प्राथमिकताओं में शामिल है। एम्स भोपाल परिवार ने डॉ. सिंघई को इस उपलब्धि के लिए शुभकामनाएं दीं।

Exit mobile version