नवीन प्राचार्य उच्च माध्यमिक शिक्षक संघ ने मुख्यमंत्री और स्कूल शिक्षा विभाग को सौंपा ज्ञापन
भोपाल। नवीन प्राचार्य उच्च माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष जी.एल. पिप्पल के नेतृत्व में संघ के प्रतिनिधिमंडल ने उच्च माध्यमिक शिक्षकों को वरिष्ठता के आधार पर हाई स्कूल प्राचार्य के पद पर पदोन्नति देने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन मुख्यमंत्री, शिक्षा मंत्री, मुख्य सचिव और स्कूल शिक्षा विभाग के प्रमुख सचिव के नाम दिया गया।
संघ ने ज्ञापन में कहा कि वर्तमान में विभिन्न संवर्गों में वरिष्ठता के आधार पर पदोन्नति की व्यवस्था है, लेकिन उच्च माध्यमिक शिक्षकों को हाई स्कूल प्राचार्य पद पर पदोन्नति के लिए परीक्षा प्रक्रिया में शामिल किया जा रहा है। संघ ने इसे लेकर वरिष्ठता के आधार पर पदोन्नति दिए जाने की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री कार्यालय में ओएसडी मनीष रस्तोगी, प्रमुख सचिव स्कूल शिक्षा के ओएसडी अरविंद चोरगड़े, चंद्रशेखर सोलंकी और उप सचिव शिक्षा मंजूषा विक्रांत राय को ज्ञापन सौंपा। संघ पदाधिकारियों के अनुसार उनकी मांग को लिखित रूप से दर्ज कर शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया गया।
मीडिया कोऑर्डिनेटर एवं मध्यप्रदेश शिक्षक संघ के संभागीय अध्यक्ष विकास चौहान ने बताया कि प्रतिनिधिमंडल में शंभू सिंह सोलंकी, संजय जैन, अरविंद श्रीवास्तव, मूलचंद कौशिक, सुधीर शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
