आईएफएमआईएस केयर थीम पर दो दिवसीय प्रशिक्षण, डीडीओ को बताए वित्तीय नियम

जिला कोषालय में आयोजित कार्यक्रम में बिल प्रस्तुत करने की प्रक्रिया और तकनीकी समस्याओं के समाधान की दी जानकारी

भोपाल। प्रदेश में वित्तीय कार्यों को अधिक पारदर्शी, सरल और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से ‘आईएफएमआईएस केयर्स’ (IFMIS Cares) थीम के तहत जिला कोषालय भोपाल में दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें आहरण एवं संवितरण अधिकारियों (डीडीओ) को वित्तीय कार्यों और आईएफएमआईएस पोर्टल की कार्यप्रणाली की जानकारी दी गई।

प्रशिक्षण में वरिष्ठ कोषालय अधिकारी राहुल सिंह, अतुल सिंह और कुलवंती खलखो ने अधिकारियों को आईएफएमआईएस के विभिन्न मॉड्यूल और उनके उपयोग के बारे में विस्तार से बताया।

कार्यक्रम में डीडीओ की नियुक्ति, उनके अधिकारों और जिम्मेदारियों, अधिकारी शक्ति पुस्तिका, कोषालय संहिता सहित वित्तीय नियमों की जानकारी दी गई। अधिकारियों को बिल प्रस्तुत करते समय बरती जाने वाली सावधानियों और आईएफएमआईएस पोर्टल की डीडीओ स्क्रीन तथा विभिन्न रिपोर्टों के उपयोग की प्रक्रिया भी समझाई गई।

प्रशिक्षण के दौरान बिल प्रस्तुत करते समय होने वाली सामान्य गलतियों और उनसे बचने के उपायों पर चर्चा की गई। इसके साथ ही ‘आईएफएमआईएस केयर्स कैंप’ के तहत स्थानीय स्तर पर सामने आने वाली तकनीकी समस्याओं और उनके समाधान की जानकारी दी गई।

प्रशिक्षण का उद्देश्य अधिकारियों को वित्तीय नियमों और पोर्टल की कार्यप्रणाली से परिचित कराना है, ताकि सरकारी भुगतान और अन्य वित्तीय कार्यों को समय पर, पारदर्शी तरीके से और त्रुटिरहित पूरा किया जा सके।

Exit mobile version