State

अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग की कार्रवाई, 1000 लीटर लाहन जब्त

एक व्यक्ति से हाथभट्टी शराब बरामद, स्कूटर से ले जा रहे थे देशी शराब के 52 पाव; अवैध शराब पिलाने वालों पर भी केस दर्ज

भोपाल। जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री पर रोक लगाने के लिए आबकारी विभाग ने 28 अक्टूबर को विशेष अभियान के तहत अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई की। इस दौरान 1000 लीटर लहान, 600 मिलीलीटर हाथभट्टी शराब और देशी शराब के 52 पाव जब्त किए गए। साथ ही, शराब दुकानों के आसपास अवैध रूप से शराब पिलाने वालों के खिलाफ भी प्रकरण दर्ज किए गए।

कलेक्टर प्रियंक मिश्रा के आदेश पर उपायुक्त आबकारी केसी अग्निहोत्री और सहायक आबकारी आयुक्त वीरेंद्र कुमार धाकड़ के मार्गदर्शन में तथा कंट्रोलर वर्षा उइके के नेतृत्व में यह अभियान चलाया गया।

आबकारी उपनिरीक्षक स्वाति बघेल की टीम ने परवलिया थाना क्षेत्र के बगोनिया निवासी राहुल अहिरवार के पास से 600 मिलीलीटर हाथभट्टी शराब बरामद की। वहीं, गांधीनगर क्षेत्र के शांतिनगर से 1000 लीटर लहान जब्त किया गया। इस मामले में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ आबकारी अधिनियम 1915 (संशोधित 2000) की धारा 34(1)(फ) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।

दूसरी टीम ने शाहजहानाबाद क्षेत्र में संजय बाथम को होंडा एक्टिवा (एमपी 04 एसआर 1496) से देशी शराब के 52 पाव का अवैध परिवहन करते पकड़ा। शराब और वाहन जब्त कर आरोपी के खिलाफ धारा 34(1)(क) के तहत मामला दर्ज किया गया।

सहायक जिला आबकारी अधिकारी संदीप द्विवेदी ने बागमुगलिया क्षेत्र में शराब दुकानों के आसपास अवैध रूप से शराब पीने और पिलाने वालों के खिलाफ धारा 36ए/बी के तहत प्रकरण दर्ज किए। संबंधित लोगों को दोबारा ऐसी गतिविधियां नहीं करने की सख्त हिदायत दी गई।

कार्रवाई में जिले के सहायक जिला आबकारी अधिकारी, उपनिरीक्षक और कार्यपालिक बल शामिल रहे। विभाग ने बताया कि अवैध शराब पर अंकुश लगाने के लिए जिलेभर में गश्त, निगरानी और दबिश जारी रहेगी।

Related Articles