State

अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग की कार्रवाई, 200 किलो लाहन जब्त

भोपाल। जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आबकारी विभाग की अलग-अलग टीमों ने कई स्थानों पर दबिश देकर 38 पाव देशी शराब, 4.8 लीटर हाथ भट्टी शराब और 200 किलो महुआ लाहन जब्त किया। जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत 9,140 रुपए बताई गई है। मामलों में मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1) और 36 ए/बी के तहत प्रकरण दर्ज किए गए हैं।

18 सितंबर को कलेक्टर प्रियंक मिश्रा के निर्देश पर उपायुक्त आबकारी संभाग भोपाल केसी अग्निहोत्री और सहायक आबकारी आयुक्त वीरेंद्र कुमार धाकड़ के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। कंट्रोलर सहायक जिला आबकारी अधिकारी वर्षा उइके के नेतृत्व में टीम ने मदर इंडिया कॉलोनी और बाजपेयी नगर क्षेत्र में दबिश दी। बाजपेयी नगर में राधाबाई के घर से अवैध देशी शराब बरामद की गई।

वहीं, दूसरी टीम ने रायसेन रोड के छावनी पठार, कोकता और झिरिया क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए हाथ भट्टी शराब और महुआ लाहन बरामद किया। विभाग की टीमों ने बाजपेयी नगर, शाहजहानाबाद मल्टी, भीम नगर, अंबेडकर नगर, राहुल नगर, पंचशील नगर, शिवनगर और बस स्टैंड के छावनी पठार क्षेत्र में भी सघन तलाशी और गश्त की।

आबकारी विभाग ने शराब दुकानों के आसपास अवैध रूप से शराब पिलाने वाले स्थानों पर भी कार्रवाई की। संबंधित लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर ऐसी गतिविधियां दोबारा नहीं करने की सख्त हिदायत दी गई।

सहायक आबकारी आयुक्त वीरेंद्र कुमार धाकड़ ने बताया कि अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण और बिक्री पर रोक लगाने के लिए जिलेभर में निगरानी, गश्त और दबिश की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Related Articles