अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग की कार्रवाई

छह प्रकरण दर्ज, 62.28 बल्क लीटर शराब और 530 किलो लाहन जब्त
भोपाल, 13 सितंबर । अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ आबकारी विभाग का विशेष अभियान जारी है। रविवार को विभाग की अलग-अलग टीमों ने जिले में कई स्थानों पर कार्रवाई कर छह प्रकरण दर्ज किए।
शाहजहांनाबाद मल्टी क्षेत्र में दोपहिया वाहन से ले जाई जा रही 52 बल्क लीटर देशी शराब जब्त की गई। वाहन चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है। जब्त शराब और वाहन की कीमत करीब 80 हजार रुपये बताई गई है।
इसके अलावा भीमनगर से 22 पाव देशी शराब, 12 नंबर साई बोर्ड मल्टी से 35 पाव देशी शराब बरामद की गई। गांधीनगर क्षेत्र में कार्रवाई के दौरान 17.8 लीटर हाथ भट्टी शराब और 530 किलो महुआ लाहन जब्त किया गया।
आबकारी विभाग के अनुसार कुल 23 स्थानों पर तलाशी ली गई। कार्रवाई में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। जब्त सामग्री की कुल कीमत 1,62,685 रुपये बताई गई है। विभाग ने अवैध शराब के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रखने की बात कही है।





