State

अल्पवर्षा से महंगी हुई खाद्य सामग्री, दीपावली पर बाजार में उत्साह बरकरार

दाल-चावल से लेकर आटा, शक्कर और ड्राई फ्रूट्स तक बढ़े दाम, सूखे मेवे 20 से 30 फीसदी महंगे

भोपाल। दीपावली के त्योहार पर बाजार में उत्साह और उमंग बनी हुई है, लेकिन खाद्य वस्तुओं की बढ़ती कीमतों ने आम लोगों की रसोई का बजट बिगाड़ दिया है। दाल, चावल, आटा, मैदा, सूजी, शक्कर, प्याज और ड्राई फ्रूट्स के दाम बढ़ने से इस बार मिठाई, नमकीन और पारंपरिक पकवान बनाना महंगा पड़ रहा है। व्यापारियों के अनुसार, अल्पवर्षा से फसलों की पैदावार और बाजार में आवक प्रभावित होने से कीमतों में तेजी आई है।

भोपाल किराना व्यापारी महासंघ के महामंत्री विवेक साहू ने बताया कि खाद्य वस्तुओं की कीमतों में एक साथ तेजी आई है। सरकार बाजार में स्थिरता बनाए रखने और उपभोक्ताओं को राहत देने के प्रयास कर रही है।

दाल-चावल के भाव में तेजी

थोक चावल-दाल एसोसिएशन के अध्यक्ष महेश रामरखवानी के अनुसार, तुअर दाल 8 से 12 रुपए, हरी मूंग 8 से 10 रुपए और चना दाल 6 से 8 रुपए प्रति किलो महंगी हुई है। दुबराज चावल के भाव में करीब 8 से 10 रुपए और बासमती में 12 से 14 रुपए प्रति किलो तक की तेजी आई है।

ड्राई फ्रूट्स 30 फीसदी तक महंगे

थोक व्यापारी किशोर राजदेव ने बताया कि काजू, बादाम, किशमिश और पिस्ता सहित सूखे मेवों के दाम 20 से 30 प्रतिशत तक बढ़ गए हैं। इससे मिठाई और गिफ्ट पैक की लागत बढ़ गई है।

आटा, मैदा और सूजी भी महंगे

थोक व्यापारी अभिषेक साहू के अनुसार, आटा 250 रुपए, मैदा 200 रुपए और सूजी 300 रुपए प्रति क्विंटल तक महंगी हुई है। बेसन सहित इन सामग्रियों के भाव बढ़ने से मिठाई और नमकीन कारोबार की लागत भी बढ़ रही है।

प्याज 50 रुपए किलो तक पहुंचा

थोक व्यापारी हसीन भाई ने बताया कि प्याज के थोक भाव करीब 50 रुपए प्रति किलो तक पहुंच गए हैं। इससे घरेलू रसोई के साथ होटल और रेस्टोरेंट कारोबार भी प्रभावित हो रहा है। व्यापारियों को उम्मीद है कि सरकार के प्रयासों और आपूर्ति व्यवस्था में सुधार से आने वाले दिनों में कीमतों में स्थिरता आएगी और उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी।

Related Articles