State

अमर बाबू होंगे मोटोरोला के नए ग्लोबल प्रेसिडेंट, 1 जनवरी से संभालेंगे कमान

लेनोवो ने मोबाइल बिजनेस ग्रुप के जनरल मैनेजर की भी दी जिम्मेदारी, प्रीमियम स्मार्टफोन कारोबार और एआई तकनीक पर रहेगा फोकस

नई दिल्ली। लेनोवो ने अमर बाबू को मोटोरोला मोबिलिटी का नया ग्लोबल प्रेसिडेंट और मोबाइल बिजनेस ग्रुप का जनरल मैनेजर नियुक्त किया है। उनकी नियुक्ति 1 जनवरी 2027 से प्रभावी होगी। फिलहाल अमर बाबू लेनोवो में सीनियर वाइस प्रेसिडेंट और एशिया पैसिफिक के प्रेसिडेंट हैं।

नई जिम्मेदारी में अमर बाबू मोटोरोला की प्रीमियम स्मार्टफोन बाजार में पकड़ मजबूत करने, नए उत्पादों और तकनीक के विकास तथा वैश्विक बाजारों में कारोबार बढ़ाने पर काम करेंगे। कंपनी के पर्सनल एआई विजन को आगे बढ़ाने में भी उनकी अहम भूमिका होगी। अमेरिका, भारत और जापान जैसे प्रमुख बाजारों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

लेनोवो के अनुसार, अमर बाबू के नेतृत्व में एशिया पैसिफिक कारोबार ने पिछले पांच वर्षों में मजबूत वृद्धि दर्ज की है। भारत में मोटोरोला की बाजार हिस्सेदारी करीब 9 प्रतिशत तक पहुंची, जबकि जापान में कंपनी दूसरी सबसे बड़ी स्मार्टफोन निर्माता बनी।

अमर बाबू 2007 में लेनोवो से जुड़े थे। इससे पहले वे इंटेल, एचसीएल और सिटीबैंक में विभिन्न प्रबंधन और तकनीकी पदों पर काम कर चुके हैं।

लेनोवो के इंटेलिजेंट डिवाइसेज ग्रुप के अध्यक्ष लुका रॉसी ने उनके अनुभव पर भरोसा जताते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में मोटोरोला वैश्विक स्तर पर अपनी सफलता को आगे बढ़ाएगी। अमर बाबू लुका रॉसी को रिपोर्ट करेंगे और कुछ समय तक एशिया पैसिफिक की जिम्मेदारी भी संभालते रहेंगे।

Related Articles